भीमताल (नैनीताल)। नौकुचियाताल स्थित महेंद्रा क्लब में होटल मैनेजमेंट के छह माह के प्रशिक्षण के लिए रुद्रप्रयाग से आए एक युवक ने रविवार देर शाम नौकुचियाताल में छलांग मार दी। यह देख पर्यटन ड्यूटी में तैनात एसओजी के जवान ने झील में कूदकर उसकी जान बचाई। युवक ने एसओजी जवान को रिजॉर्ट प्रबंधन के कर्मियों द्वारा उत्पीड़न करने के कारण झील में छलांग लगाने की बात कही।
नौकुचियाताल में पर्यटन ड्यूटी में तैनात एसओजी जवान संदीप सिंह ने बताया कि महेंद्रा क्लब में छह माह का होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण ले रहे जखमोली रुद्रप्रयाग निवासी युवक ने रविवार शाम झील में छलांग मार दी। इस पर एसओजी जवान संदीप सिंह ने बोट चालकों के साथ मिलकर युवक को बाहर निकाला। रिजॉर्ट मैनेजर अभिषेक शर्मा उसे सीएचसी अस्पताल ले गए, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। एसआई मनवर सिंह ने बताया कि युवक की तबियत खराब चल रही है। उन्होंने उसके बड़े भाई को घटना की सूचना दे दी है। भाई ने देवी-देवताओं के चलते उसकी तबियत बिगड़ने की बात कही गई है। एसआई ने कहा कि सोमवार को उसके परिजनों के पहुंचने के बाद ही घटना का पता चलेगा। उधर, महेंद्रा क्लब के मैनेजर अभिषेक शर्मा ने बताया कि युवक का उत्पीड़न नहीं किया गया है। उसकी तबियत खराब है, वह दो दिन पहले ही घर से लौटा है। शनिवार को भी उसकी तबियत बिगड़ने पर उसे अस्पताल में दिखाया गया था। शर्मा ने उत्पीड़न के आरोपों से इनकार किया है।
रुद्रप्रयाग के युवक ने झील में मारी छलांग, एसओजी जवान ने बचाया
युवक ने रिजॉर्ट कर्मियों पर लगाया उत्पीड़न का आरोप
नौकुचियाताल के एक रिजॉर्ट में होटल मैनेजमेंट का प्रशिक्षण ले रहा है युवक
रिसोर्ट प्रबंधन ने कहा, युवक की तबियत खराब है
बिना लाइसेंस के चल रहा एडवेंचर
एसओजी जवान संदीप सिंह ने बताया कि महेंद्रा क्लब द्वारा झील में एडवेंचर कराया जाता है, जबकि एडवेंचर कराने की जो अनुमति है वह मार्च में खत्म हो गई है। उन्होंने महेंद्रा क्लब को दो बार झील में बिना लाइसेंस के एडवेंचर एक्टिविटी नहीं कराने को कहा था। क्लब मैनेजर अभिषेक शर्मा ने बताया कि जिस एडवेंचर क्लब के साथ करार है, उनके द्वारा एडवेंचर लाइसेंस कराने की अनुमति के लिए पत्र लिखा है।