हल्द्वानी। गौलापार कालीचौड़ मंदिर गेट पर स्थित दुकान के सामने शुक्रवार दोपहर हाईटेंशन तार से लोहे का पाइप छू जाने से इंटर के छात्र की मौत हो गई। बचाव करने में छात्र के मामा का हाथ भी झुलस गया। मामा ने एसटीएच में इलाज कराया।
पुलिस के अनुसार सुल्ताननगरी खेड़ा निवासी रिटायर्ड फौजी भुवन प्रसाद का इकलौता पुत्र जीवन कुमार (18) इंटर का छात्र था। शुक्रवार को कंप्यूटर कोर्स की क्लास करने के बाद वह आया। इसके बाद अपने मामा प्रकाश चंद की कालीचौड़ गेट स्थित वेल्डिंग की दुकान पर गया। यहां उसने वेल्डिंग करने के लिए पाइप उठाया, लेकिन पाइप ऊपर से गुजर रही हाईटेंशन तार को छू गया। करंट लगने से छात्र पाइप से चिपक गया। बचाव करने में उसके मामा प्रकाश का भी हाथ झुलस गया। परिवार के लोग छात्र को लेकर एसटीएच आए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मेडिकल चौकी पुलिस के उपनिरीक्षक महेश चंद ने परिजनों से पूछताछ की और शव का पोस्टमार्टम कराया।
करंट से इंटर के छात्र की मौत, बचाने में मामा झुलसा
हाईटेंशन तार से छू गया था लोहे का पाइप
घर का इकलौता चिराग बुझा
उपनिरीक्षक महेश चंद ने बताया कि रिटायर्ड फौजी की दो बेटियां और एक बेटा था। दोनों बेटियों की ही मौत हो चुकी है। जीवन रिटायर्ड फौजी का इकलौता बेटा था। बेटे की मौत के बाद माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। लोगों का कहना था कि जीवन काफी होनहार था। इस कारण वह पढ़ाई के बाद घर से दुकान जाता था।
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
अधिशासी अभियंता (नगर) डीके जोशी ने बताया कि सीआरपीएफ कैंप के पास निर्माण के दौरान छात्र जीवन कुमार की करंट से मौत होने की जानकारी मिली है। इस मामले में अवर अभियंता ने लोगों से पूछताछ की है। इस घटना की जानकारी अधीक्षण अभियंता शेखर त्रिपाठी को दी जाएगी। अधीक्षण अभियंता के निर्देश पर तीन सदस्यीय कमेटी इस मामले की जांच करेगी।