रुद्रपुर। एक विवाहिता ने ससुरालियों पर पांच लाख और लग्जरी कार दहेज में नहीं मिलने पर प्रताड़ित करने और बुरी तरह पिटाई करने का आरोप लगाया। पीड़िता की शिकायत पर रंपुरा चौकी इंचार्ज ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
तराई विहार कॉलोनी निवासी एक महिला ने कोतवाली में दी तहरीर में कहा कि उसकी शादी दिसंबर 2016 में झांसी निवासी एक युवक से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद ससुराली पांच लाख नकद और लग्जरी कार की मांग को लेकर उसका उत्पीड़न करने लगे। इस दौरान कई बार उसे भूखा रखा गया। आरोप है कि कुछ समय पहले सात माह की गर्भवती होने के बावजूद ससुरालियों ने उसे पीटा।
हालत बिगड़ने पर अस्पताल में उसकी प्री मैच्योर डिलीवरी करानी पड़ी और एक सप्ताह बाद नवजात की मौत हो गई। पीड़िता ने पति, ससुर, सास और ननद के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। एसएसआई कमलेश भट्ट ने बताया कि मामले की जांच रंपुरा चौकी इंचार्ज मुकेश मिश्रा को सौंपी गई है।