हल्द्वानी। एक बस चालक द्वारा ट्रांसफार्मर में टक्कर मारने का खामियाजा दिनभर आम लोगों को भुगतना पड़ा। ट्रांसफार्मर को लगाने के चलते जाम लगता रहा और 24 घंटे तक कृष्णा कालोनी की बिजली गुल रही। पुलिस इस मामले में बस चालक की तलाश कर रही है।
सिटी हार्ट ट्रैवल्स की तेज रफ्तार बस ने देवलचौड़ चौराहे पर बृहस्पतिवार रात ट्रांसफार्मर को टक्कर मार दी। ट्रांसफार्मर खंभों के बीच से सड़क पर गिर पड़ा और सड़क पर ट्रांसफार्मर का तेल फैल गया। इस पर तेल लूटने वालों की लाइन लग गई। हादसे के बाद चालक मौके से भाग निकला। पुलिस बस को कब्जे में लेकर बस चालक की तलाश कर रही है। दुर्घटना के चलते बिजली गुल होने पर आम लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। विद्युत विभाग के कर्मचारियों ने जमीन खोदकर नया खंभा और नया ट्रांसफार्मर लगाने का काम शुरू किया। खंभे को गाड़ने और विद्युत तारों को जोड़ने में दिनभर का समय व्यतीत हो गया। इस कारण देवलचौड़ चौराहे पर बार-बार जाम लगता रहा। पुलिस को जाम हटाने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। दुर्घटना के चलते कृष्णा कालोनी में 24 घंटे तक बिजली गुल रही। एसडीओ एचडी पुनेठा ने बताया कि रात में कालोनी की बिजली सुचारु हो जाएगी।