हत्याकांड के खुलासे को लेकर तारिफ के जीजा ने सवाल उठाए
हल्द्वानी। हत्याकांड के खुलासे के पहले ही तारिफ के जीजा ने एसपी सिटी के समक्ष कई सवाल उठाए। आरोप लगाया कि उमेश अकेले तारिफ को मार नहीं सकता। घटना में अन्य लोग शामिल रहे हैं। पुलिस को सारे लोगों को सामने लाना होगा। बातचीत के दौरान जीजा और कोतवाल के बीच किसी बात को लेकर तीखी झड़प भी हो गई। कोतवाल ने कहा कि किसी एजेंसी से जांच करा लें। पुलिस ने निष्पक्ष ढंग से कार्रवाई की है।
तारिफ हत्याकांड का खुलासा करने से पहले एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव कोतवाली में आए थे। एसपी सिटी से तारिफ के जीजा मोहसिन रजा अपनी पत्नी तहसीन और अन्य करीबियों के साथ मिलने के लिए आए। जीजा ने तर्क दिया कि विश्वास नहीं होता कि वह अकेलेे तारिफ को ठिकाने लगा देगा। निर्वाण की संचालिका के अनुसार तारिफ काफी उग्र था। ऐसी हालत में तारिफ को उमेश कैसे मार सकता था। पुलिस को निर्वाण की संचालिका और कर्मचारियों की कॉल डिटेल लेने के लिए पहले ही कहा था लेकिन डिटेल पुलिस ने नहीं दिखाई। मौत के बाद संचालिका ने घटना को 24 घंटे तक छिपाए रखा। इस मामले में संचालिका के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई। आरोप लगाया कि इस मामले में पुलिस संचालिका को बचा रही है। इसी मामले को लेकर वह उच्चाधिकारियों तक जाएंगे। जीजा और कोतवाल नरेश चौहान के बीच आरोपों को लेकर तीखी नोकझोंक हुई। हंगामे को सुनने के बाद सीओ दिनेश चंद्र ढोडियाल मौके पर पहुंचे। उन्होंने समझाकर गुस्साए लोगों को शांत किया। एसपी सिटी ने कहा कि तारिफ के जीजा के सारे सवालों को नोट किया है। अनसुलझे सवालों को विवेचना से हल किया जाएगा।
अकेले उमेश तारिफ को कैसे मार सकता है, कोतवाल और जीजा में हुई तीखी झड़प