लालकुआं/बनबसा। बिंदुखत्ता शास्त्रीनगर से लापता युवती का शव बनबसा के शारदा बैराज में मिला। आशंका जताई जा रही है कि युवती की हत्या कर शव को ठिकाने लगाया गया है। हालांकि शरीर पर चोट के निशान नहीं मिलने से पुलिस प्रथम दृष्टया इसे आत्महत्या बता रही है। लालकुआं पुलिस ने व्हाट्सएप पर फोटो भेजकर शव की शिनाख्त की है।
शनिवार की दोपहर को शास्त्रीनगर-2 निवासी गोविंद सिंह कुंवर अपनी 22 वर्षीया बेटी किरन को नगला छोड़ने गए थे। वहां से वह रोजगार कार्यालय हल्द्वानी में अपना पंजीकरण कराने के लिए चली गई थी। शाम तक वह घर नहीं पहुंची तो परिजन परेशान हो गए। उसका फोन भी नहीं उठ रहा था। बाद में मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। परिजनों ने लालकुआं कोतवाली को इसकी सूचना दी। पुलिस की जांच में लोकेशन बनबसा की ओर आ रही थी। रविवार को बनबसा के शारदा बैराज के किनारे युवती के शव होने की सूचना पुलिस को मिली थी। इसकी शिनाख्त किरन के रूप में की गई।
किरन के पिता ने बताया कि पुलिस ने व्हाट्सएप में शव की फोटो भेजी थी। इसके आधार पर उसकी शिनाख्त की गई। सूचना मिलने पर परिजन बनबसा रवाना हो गए है। सवाल यह उठ रहा है कि युवती बनबसा में आत्महत्या क्यों करने जाएगी। किसने युवती को वहां बुलाया था। मोबाइल फोन किसने स्विच ऑफ किया था। इन सवालों का जवाब पुलिस को ढूंढना होगा।