भवाली (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर निगलाट के समीप सैलानियों की कार अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी, जिससे उसमें सवार दो युवतियों समेत चार सैलानी घायल हो गए। घायलों को प्राथमिक इलाज के बाद हल्द्वानी रेफर कर दिया गया है। चारों घायल सोनीपत और शाहजहांपुर के रहने वाले हैं।
शनिवार दोपहर बाद साढ़े तीन बजे के करीब हरियाणा के गुड़गांव से अल्मोड़ा की ओर जा रही जायलो कार संख्या एचआर-10 डब्लू-0012 जैसे ही निगलाट के पास पहुंची, अनियंत्रित होकर लगभग पचास मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना मिलते ही मौके पर आसपास के ग्रामीण पहुंच गए। सूचना मिलने पर भवाली से उपनिरीक्षक दलीप सिंह बिष्ट पुलिस कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे।
स्थानीय लोगों की मदद से हादसे में घायल हुए सुमित कुमार (25) पुत्र विजय कुमार निवासी सोनीपत, अंकुर (25) पुत्र राम किशोर निवासी थाना बेरी हसन शाहजहांपुर, प्रतीक्षा राय (21) पुत्री अनिल कुमार निवासी शाहजहांपुर और अंकिता राय (24) पुत्री ताराचंद निवासी शाहजहांपुर को खाई से बाहर निकालकर सीएचसी भवाली पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने चारों घायलों का प्राथमिक इलाज कर घायल दोनों युवतियों को हल्द्वानी स्थित सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस के मुताबिक सुमित, अंकुर और प्रतीक्षा गुड़गांव स्थित एक बैंक में कार्य करते हैं जबकि अंकिता कॉल सेंटर में कार्यरत हैं। बताया गया कि उक्त चारों दोस्त अल्मोड़ा और रानीखेत को घूमने जा रहे थे।