हल्द्वानी। नैनीताल-ऊधमसिंह नगर लोकसभा चुनाव में मतदान के बाद सभी ईवीएम और वीवीपैट स्ट्रांगरूम में त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में रखे गए हैं। पहली पंक्ति में आईटीबीपी की टुकड़ी को सुरक्षा के लिए लगाया गया है, जबकि दूसरी पंक्ति में उत्तराखंड की पीएसी और तीसरी पंक्ति में पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं।
आईटीबीपी जवानों ने स्ट्रांगरूम की सुरक्षा के लिए प्लास्टिक के बोरे में रेत भरकर मोर्चा तैयार किया है। एक प्लाटून (आईटीबीपी के 32 जवान) तीन पालियों में संवेदनशील स्ट्रांगरूम के बाहर 24 घंटे पहरा देंगे। दूसरी पंक्ति में पीएसी के 32 जवान और तीसरी पंक्ति में 10-10 पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। केंद्रीय निर्वाचन आयोग के निर्देश पर जिला पुलिस ने सुरक्षा की व्यवस्था की है। जिला निर्वाचन अधिकारी समय-समय पर स्ट्रांगरूम की सुरक्षा की समीक्षा करेंगे। ड्यूटी में तैनात जवानों को शराब जैसे व्यसनों से दूरी बनाकर रहने के निर्देश दिए गए हैं। समीक्षा के लिए डीएम या एसएसपी के अलावा किसी अन्य अधिकारी को अंदर जाने की इजाजत नहीं है। डीएम सीसीटीवी से स्ट्रांग रूम की देखरेख करेंगे। इस मामले में बयान देने से पुलिस अधिकारी परहेज कर रहे हैं।
त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरे में ईवीएम और वीवीपैट
पहली पंक्ति में आईटीबीपी जवान, दूसरी में पीएसी और तीसरे में पुलिस कर्मियों की तैनाती