हल्द्वानी। हर्ष फायरिंग में समाजसेवी की मौत मामले में दोनों आरोपियों की तलाश में पुलिस ने गांव में दबिश दी। दोनों आरोपी घर पर नहीं मिले। दोनों के मोबाइल भी बंद हैं। इसी कारण पुलिस बंदूक भी बरामद नहीं कर सकी है।
ग्राम जयपुर पाडली नंबर एक निवासी भास्कर पडलिया की शादी के रिसेप्शन में शुक्रवार रात डीजे पर डांस के दौरान समाजसेवी कौस्तुभ पडलिया को हर्ष फायरिंग के दौरान गोली लग गई थी। देर रात सुशीला तिवारी अस्पताल में इलाज के दौरान कौस्तुभ की मौत हो गई थी। गोपाल चंद्र पडलिया की तहरीर पर पुलिस ने नवीन पडलिया और ललित के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मुकदमा दर्ज किया था। इधर, शनिवार की रात पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाश में गांव में दबिश दी लेकिन दोनों अपने घर नहीं नहीं मिले। दोनों घर से फरार चल रहे हैं। जांच अधिकारी एसआई महेंद्र राज सिंह ने बताया कि दोनों आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस ने दी दबिश, दोनों आरोपी फरार
हर्ष फायरिंग के दौरान कौस्तुभ की मौत का मामला