हल्द्वानी। रामपुर रोड राज पैलेस नहर के पास स्कूटी सवार युवा व्यवसायी सुरेश मोलानी को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। हादसे से गुस्साए लोगों ने एसटीएच में हंगामा भी कर दिया।
प्रगति बिहार फेज (3) निवासी सुरेश मोलानी (31) पुत्र मुराजमल की लाइन नंबर एक बनभूलपुरा में एस ट्रेडिंग फर्म नाम से कंफेशनरी की दुकान है। बुधवार की रात वह अपनी स्कूटी से फायर स्टेशन के पीछे नहर के रास्ते से लौट रहा था। राज पैलेस के पास अज्ञात वाहन ने स्कूटी में टक्कर मार दिया। वह काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। किसी राहगीर ने उसे एसटीएच अस्पताल तक पहुंचाया। डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी देर बाद मिलने पर व्यवसायी के परिजन अस्पताल पहुंचे।
शव की शिनाख्त करने के बाद परिजन गमगीन हो गए। साथियों ने समय से सूचना नहीं देने पर अस्पताल में हंगामा किया। शिवसेना नेता और गार्ड के बीच झड़प हो गई। मेडिकल चौकी प्रभारी कैलाश नेगी ने दोनों पक्षों को हटाकर विवाद शांत किया। मौत की सूचना मिलने के बाद व्यवसायी के घर पर भीड़ इकट्ठा हो गई। व्यवसायी की दो साल पहले शादी हुई थी। उसका डेढ़ साल का बेटा है। चार भाइयों में सुरेश सबसे छोटा था।