नैनीताल। भूमियाधार हनुमान मंदिर के पास ट्रक से कुचल कर बाइक सवार की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक मौके पर छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की, लेकिन पता नहीं चला। देर शाम पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कुरियागांव निवासी नारायण सिंह पतलिया (32) पुत्र जीत सिंह पतलिया इंडियन टुबैको कंपनी (आईटीसी) में काम करता था। सोमवार शाम करीब 4:30 बजे वह भवाली से बाइक पर सवार होकर अपने गांव जा रहा था। इसके लिए वह भूमियाधार हनुमान मंदिर के पास पहुंचा तो हल्द्वानी से सब्जी लेकर चमोली जा रहे ट्रक की चपेट में आ गया। इससे उसकी मौके पर मृत्यु हो गई। बीच रोड पर हादसा होने से दोनों तरफ जाम लग गया। राहगीरों ने एसओ तल्लीताल मनवर सिंह को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक यूके 04 सीए 3302 और बाइक को रोड से हटा कर जाम खुलवा दिया। प्रभारी एसओ मनवर ने बताया कि युवक की मौत ट्रक के पिछले टायर से दबने के कारण हुई है। ट्रक, मृतक की बाइक को कब्जे में ले लिया गया है। युवक चार बहनों में इकलौता थाई था। उसकी मौत होने से घर का इकलौता चिराग बुझ गया। घर में उसके पिता जीत सिंह, पत्नी चंपा, चार बच्चे हैं। उसकी मौत होने से बच्चों के सामने जीवनयापन की समस्या पैदा हो गई है।
भूमियाधार हनुमान मंदिर के पास हादसा
चालक मौके पर ट्रक छोड़ कर फरार