सितारगंज में छह माह से लापता युवा किसान अब्दुल मोहिद की तलाश में लगी पुलिस टीम ने सोमवार को दिल्ली की सीबीआई लैब में मोहिद के दो भांजों की पॉलीग्राफ जांच कराई। मंगलवार को प्रेमिका और भाई की जांच होगी। परिजनों का आरोप है कि पुलिस परिवार के लोगों की पॉलीग्राफ जांच तो करा रही है, लेकिन संदेह के घेरे में आए लोगों से पूछताछ तक नहीं की जा रही।
चार अगस्त 2017 की तड़के बरुआबाग गांव निवासी युवा किसान अब्दुल मोहिद (32) रहस्यमय तरीके से लापता हो गया था। परिजनों ने पुलिस को तहरीर देकर मोहिद के अपहरण की आशंका जताई थी। जिसके बाद से पुलिस मोहिद को तलाश रही है। छह माह से अब तक मोहिद का कोई सुराग हाथ न लगने पर पुलिस ने मामले में पॉलीग्राफ जांच की अनुमति ली। रविवार को सिडकुल चौकी इंचार्ज विनोद जोशी मोहिद के भाई अब्दुल वहीद, भांजे मोइन और मोनिस एवं रामनगर निवासी प्रेमिका को लेकर दिल्ली सीबीआई लैब रवाना हुुए थे।
सोमवार को लापता मोहिद के बहनोई अनीसुर्रहमान ने बताया कि सुबह दस से शाम चार बजे सीबीआई लैब के विशेषज्ञों ने भांजे मोइन और मोनिस की पॉलीग्राफ जांच की गई। परिजनों का आरोप है कि पुलिस के शक की सुई परिवार पर ही घूम रही है, जबकि घटना के बाद से पुलिस को कई संदिग्ध लोगों के बारे में बताया गया। जिनसे पुलिस द्वारा पूछताछ तक नहीं की जा रही है। कहा कि संदेह के घेर में आए लोगों की भी पॉलीग्राफ जांच होनी चाहिए।