रामनगर (नैनीताल)। वाहन चेकिंग के दौरान कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति को चोरी की बाइक के साथ पकड़कर उसकी निशानदेही पर चोरी की अन्य 6 बाइकें बरामद की हैं। बरामद बाइकों में से दो बाइक इसी माह नगर से चोरी की गई थीं।
बाइकों का खुलासा करते हुए शनिवार को कोतवाली में सीओ लोकजीत सिंह ने बताया कि हल्द्वानी रोड पर बाल सुंदरी देवी मंदिर के निकट पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। इसी बीच सामने से आ रहे बिना नंबर की एक बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया तो उसने अपनी बाइक दौड़ा दी। पुलिस ने आरोपी का पीछा करने के बाद उसे धर-दबोचा। पुलिस ने जब आरोपी से बाइक के कागज मांगे तो वह कागज नहीं दिखा पाया। सख्ती से पूछताछ करने पर बाइक सवार ने अपना नाम हरपाल सिंह निवासी चिड़िया भवन, थाना बिलारी जनपद मुरादाबाद बताते हुए स्वीकार किया कि बाइक चोरी की है।
पूछताछ में आरोपी ने अन्य पांच चोरी की बाइक अपने कब्जे में होना स्वीकार किया जो कि उसने ज्वाला वन जंगल के निकट झाड़ियों में छिपाकर रखी थी। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने मौके से सभी बाइकें बरामद कर लीं। आरोपी ने बताया कि बरामद बाइकों में 5 जनवरी को छोई चौराहे से पूरन सिंह जीना की बाइक संख्या यूके 04 टी 6989 और मंगलार रोड से 13 जनवरी को आदर्शनगर निवासी फारुख खान की बाइक संख्या यूके 04 आर 7367 चोरी की गई थीं, शामिल हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी ने बताया कि वह इन बाइकों को कोसी नदी में कार्य करने वाले श्रमिकों को बेचने की फिराक में था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 379, 411 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।