हल्द्वानी। काठगोदाम पुलिस ने गौला बैराज से मंगलवार की शाम डाककर्मी का शव बरामद किया। पूछताछ से पता चला कि डाककर्मी काफी दिनों से तनाव में चल रहा था। तनाव दूर करने के लिए अपने चचेेरे भाई के पास आया था लेकिन वह गौला बैराज में कैसे चला गया, इस बारे में काठगोदाम पुलिस जांच कर रही है।
थानाध्यक्ष नीरज भाकुनी ने बताया कि मंगलवार की शाम सूचना मिली कि गौला बैराज में एक अज्ञात (35) शव उतराया है। सूचना के आधार पर पुलिस ने शव को पानी से बाहर निकाला। तलाशी के दौरान उसके जेब से मोबाइल मिला। संपर्क करने के बाद पुलिस ने उसके चचेरे भाई रमेश कालाकोटी को बुलाया। चचेरे भाई ने शव की शिनाख्त बागेश्वर जिले के नौगांव दोफाड़ निवासी चंचल कालाकोटी के रुप में की। बताया कि चंचल डाक विभाग का कर्मचारी था। कुछ दिनों से वह काफी तनावग्रस्त था। तनाव करने के लिए दो दिन पहले वह चचेरे भाई के बैशाली कालोनी स्थित घर आया था। चचेरे भाई ने तनाव कम करने के लिए चंचल को योगा करने की सलाह दी। वह प्रतिदिन योगा भी कराने लगा था लेकिन शाम के समय वह कब चचेरे भाई के घर से निकल गया। इस बारे में किसी को पता नहीं है। युवक के दो बच्चे भी मौजूद हैं। पुलिस ने पूछताछ करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।