खटीमा। खटीमा-मझोला सहकारी गन्ना समिति का नवनिर्मित भवन तैयार होने के बाद भी किराए के जीर्ण-सीर्ण भवन में चल रहा है। इससे एक ओर 65 लाख की लागत से निर्मित नया भवन खाली पड़ा है, वहीं सरकार को 12 हजार रुपये प्रति माह किराये में खर्च करना पड़ रहा है। समिति के कार्यालय को नए भवन में स्थानांतरित करने के लिये समिति द्वारा कई बार लिखा जा चुका है, लेकिन अभी तक नवनिर्मित भवन हस्तांतरित नहीं हुआ है।
खटीमा-मझोला सहकारी गन्ना समिति का कार्यालय वर्ष 2004 से सितारगंज मार्ग पर एक किराए के भवन में चल रहा है। विभाग प्रतिमाह इसका 12 हजार रुपये किराया अदा कर रहा है। वर्ष 2013 में गन्ना विभाग द्वारा अपने खाद गोदाम परिसर पर 65 लाख की लागत से कार्यालय के लिए भवन का निर्माण कराया गया है। तीन साल गुजरने के बाद भी सहकारी गन्ना समिति का कार्यालय नए भवन में स्थानांतरित नहीं हो सका है। समिति के सचिव ताहिर अली बताते हैं कि कार्यालय को स्थानांतरित करने के लिए उच्चाधिकारियों को लिखा जा चुका है। नवनिर्मित भवन हस्तांतरित होते ही इसमें स्थानांतरित कर दिया जाएगा।
खटीमा-मझोला सहकारी गन्ना समिति के नवनिर्मित भवन में कुछ कमियां रह गईं हैं। इन्हें तत्काल ठीक करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बाद कार्यालय नये परिसर में स्थानांतरित कर दिया जाएगा, ताकि विभाग को पुराने कार्यालय का किराया वहन न करना पड़े।
- चंद्र सिंह इमलाल, गन्ना उपायुक्त