खटीमा। देवरी के एक व्यक्ति ने पास के गांव के युवक पर रंजिशन घर में आकर उसकी पुत्री से छेड़छाड़, विरोध करने पर मुंह बंद करने और चाकू की नोंक पर ले जाने का प्रयास करने का आरोप लगाया है। कहा कि परिजनों के आ जाने पर वह धमकी देते हुए पुत्री को छोड़कर भाग गया। फिलहाल रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी है।
देवरी के राजेंद्र भट्ट ने पुलिस को सौंपी तहरीर में कहा है कि 11 अगस्त को करीब दो बजे पास के गांव का एक युवक घर पर आया और आंगन में खड़ी उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ करने लगा जिसका विरोध करने पर वह उसे चाकू की नोंक पर अपने साथ ले जाने का प्रयास करने लगा। इसी दौरान घर के अंदर से परिजनों के आ जाने पर वह धमकी देते हुए फरार हो गया। पीड़ित ने कहा कि उससे पूर्व यह युवक 23 जून को भी घर में घुसकर तोड़फोड़ की थी। जिसका बाद में गणमान्य लोगों की मौजूदगी में राजीनामा हो गया था और यह तय हुआ था कि यह युवक उनके घर कभी नहीं आएगा। पीड़ित ने युवक से जानमाल का भी खतरा बताते हुए कार्रवाई कर न्याय की गुहार की है।