हल्द्वानी। मुखानी पुलिस ने धोखाधड़ी के आरोप में कठघरिया से शुक्रवार सुबह एक महिला सहित दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि महिला और उसके पति ने जमीन बेचने का बहाना बनाकर रिटायर्ड फौजी से पांच लाख रुपये हड़प लिए। महिला का पति वर्तमान में हत्या के आरोप में बंद है। महिला पहले भी धोखाधड़ी के आरोप में जेल भेजी गई थी।
चौकी प्रभारी संजय जोशी ने बताया कि कठघरिया निवासी रिटायर्ड फौजी नैन सिंह बिष्ट के पास वैलेजली लॉज निवासी शशि कश्यप डेढ़ माह पहले आई थी। महिला ने बताया कि उसकी एसटीएच में नौकरी लगने वाली है। पांच लाख रुपये की जरूरत है। इस मामले में महिला ने अपने पति राजीव कश्यप से रिटायर्ड फौजी की फोन पर बात कराई। महिला के पति ने खुद को रिटायर्ड कर्नल बताते हुए कहा कि उसके पास काफी जमीन है। जमीन को बेचकर वह पैसा चुका देगा। भरोसे में आकर नैन सिंह ने पांच लाख रुपये महिला को दे दिए। पैसा मांगने पर महिला बहाना बहाने लगी। इस मामले में रिटायर्ड फौजी ने महिला और उसके पति के खिलाफ धारा 420 के तहत मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस ने जांच के बाद कठघरिया से शशि कश्यप और उसके साथी राजू कश्यप को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ से पता चला कि उसके पति राजीव कश्यप को हत्या के आरोप में हरिद्वार पुलिस जेल भेज चुकी है। पति मूल रुप से बदायूं (उप्र) के अल्लाहपुर का रहने वाला है। महिला पहले भी धोखाधड़ी के एक मामले में पहले भी गिरफ्तार हुई थी। इस मामले में पुलिस पति के खिलाफ रिमांड बनवाएगी।