हल्द्वानी। छावनी के बैरक में मृत सेना के हवलदार की पोस्टमार्टम रिपोर्ट कोतवाली पुलिस को मिल चुकी है। रिपोर्ट में मौत का कारण अस्पष्ट है। अब पुलिस ने उसके लीवर के टुकड़े और विसरा को जांच के लिए दून प्रयोगशाला भेज दिया है। डॉक्टर मौत की वजह जानने के लिए हिस्टोपैथोलॉजी जांच भी कराना चाहते हैं।
छावनी के आर्मी सप्लाई कोर में तैनात हवलदार राजेेंद्र प्रसाद (43) मंगलवार की रात खाना खाकर अपने बैरक में सो गया। सुबह साथी उसे परेड के लिए जगाने पहुंचे तो उसकी मौत हो चुकी थी। इस मामले में पोस्टमार्टम की रिपोर्ट कोतवाली पुलिस को मिल चुकी है। घटना की जांच कर रहे विवेचक भगवान गिरी गोस्वामी ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम राजकीय मेडिकल कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर अर्जित दत्ता ने किया था। डॉक्टर ने मौत को संदिग्ध हालात में माना है। उन्होंने मौत की वजह स्पष्ट करने के लिए लीवर के टुकड़े और विसरा को सुरक्षित रख लिया था। डॉक्टर हिस्टोपैथोलॉजी की जांच कराना चाहते हैं। अब पुलिस ने विसरा के साथ टुकड़ों को जांच के लिए देहरादून प्रयोगशाला भेज दिया है। हवलदार राजेंद्र प्रसाद मूल रुप से महाराजगंज (उत्तरप्रदेश) जिले के बरगदवा बाजार पिपरा के निवासी थे। पुलिस ने प्रथमदृष्टया हृदयाघात की आशंका जताई थी।