हल्द्वानी। रिश्वत लेने का वीडियो वायरल होने पर सीओ लालकुआं के पेशकार चंद्र सिंह सैला को निलंबित कर दिया गया है। वीडियो में जब्त वाहन को छुड़वाने के लिए लेनदेन की बात है। एसएसपी ने मामले की प्रारंभिक जांच एसपी सिटी अमित श्रीवास्तव को सौंपी है।
चोरगलिया थानाध्यक्ष शांति गंगवार ने 28 अक्तूबर को चेकिंग के दौरान कागज न मिलने पर मिक्सर प्लांट के ट्रक (यूके 06 सीए 0093) को पकड़कर जब्त किया था। वाहन रमनदीप के नाम दर्ज है। इस बीच एक वीडियो वायरल हो गया। इसमें सीओ के पेशकार चंद्र सिंह सैला से एक व्यक्ति हल्का हाथ रखने का अनुरोध कर रहा है। मामले को दो हजार रुपये से कम करने पर बातचीत हो रही है। पेशकार रुपये लेने के बाद बिना गिने ही जेब में रखता दिख रहा है। वीडियो क्लिप 30 अक्तूबर की बताई जा रही है। आईजी जोन पूरन सिंह रावत और एसएसपी जन्मेजय खंडूरी तक इस मामले की शिकायत हुई तो तत्काल प्रभाव से पेशकार को निलंबित करने के आदेश हो गए। एसएसपी का कहना है कि इस प्रकार के पुलिसकर्मी किसी कीमत पर बख्शे नहीं जाएंगे।
वीडियो क्लिप और पेपर देखकर ही कुछ कह पाऊंगा : सीओ
हल्द्वानी। सीओ लालकुआं राजीव मोहन ने बताया कि वह अदालत के एक काम से बाहर गए थे। इस मामले में वीडियो क्लिप और वाहन के कागज देखकर ही कुछ कहा जा सकता है। उन्होंने कहा कि अमूमन वह ट्रक को छोड़ते नहीं है और उसे आरटीओ के पास भेज देते हैं।