भीमताल (नैनीताल)। मल्लीताल स्थित रामलीला मंच में नगर पंचायत द्वारा लगाए गए ताले को जल्द न हटाने पर आदर्श रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने आंदोलन करने की चेतावनी दी है। भीमताल के मल्लीताल में रामलीला तैयार कराने को लेकर दो संगठनों में आपसी तालमेल नहीं हो पा रहा है।
बृहस्पतिवार को आदर्श रामलीला कमेटी ने ईओ बीएस रावत को ज्ञापन सौंपकर मंच में लगे ताले को खोलने की मांग की। कमेटी अध्यक्ष संदीप पांडे ने कहा कि प्रशासन के ऊपर दबाव डालकर कुछ लोगों ने तालीम में व्यवधान डाला है। पदाधिकारियों ने मंच से ताला नहीं हटाने पर आंदोलन की चेतावनी दी है। ज्ञापन सौंपने वालों में नीरज कुमार मोनू, बंटी आर्या, गुंजन रौतेला, ललित आर्य, आशा उप्रेती, संयम कबड़वाल, धरु पांडे, नेहा डालाकोटी आदि मौजूद रहे। इधर राम सेवक मंडली के अध्यक्ष सौरभ रौतेला ने कहा कि अगर नगर पंचायत रामलीला मंच का ताला खोलेगी तो राम सेवक मंडली की कमेटी आंदोलन करेगी।