फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

टीका है सुरक्षा कवच, सबको लगवाना चाहिए

विज्ञापन
विज्ञापन
हल्द्वानी। स्थान: मिनी स्टेडियम का टीकाकरण केंद्र। अभी घड़ी में दस बजे नहीं हैं। टीकाकरण केंद्र खुला नहीं है लेकिन टीका लगाने के लिए कई बच्चे पहले से पहुंचकर अपनी बारी का इंतजार करते दिखाई दिए, जो अपने अभिभावकों के संग टीका (कोर्बेवैक्स) लगाने पहुंचे थे। केवल एक घंटे के अंदर ही 12 से 14 साल आयु वर्ग के 17 बच्चों को टीका लग गया। टीका लगने के बाद बच्चों में सुरक्षा का अहसास बढ़ गया तो वहीं अभिभावकों के चेहरों पर निश्चितता का भाव दिखाई दिए कि अब उनके आंखों के तारे कोरोना से होने वाले खतरे से सुरक्षित हैं।
विज्ञापन

इस टीकाकरण केंद्र के वैक्सीनेटर सुरेंद्र सिंह के अनुसार केंद्र में एक दिन में सभी आयु वर्ग के करीब दो सौ लोगों को टीका लगता है, इसमें 12 से 14 आयु वर्ग के करीब 70 बच्चे होते हैं। इस आयु वर्ग के ही 17 बच्चों ने 10 से 11 बजे के मध्य टीका लगा लिया था।
मिनी स्टेडियम में केयर एनजीओ की टीम ने वैक्सीनेशन कैंप लगाया है। कैंप में 12 से 14 साल के बच्चों को कोर्बेवैक्स नाम की वैक्सीन दी गई। वैक्सीनेशन के बाद बच्चों के चेहरे पर कोरोना से जंग जीतने का संतोष दिखाई दिया। वैक्सीन लगने के बाद बच्चों ने राहत की सांस ली।
विज्ञापन

बच्चों से बातचीत
वैक्सीन लगने के बाद कोरोना का डर दूर हुआ है। देश को कोरोना मुक्त करने के लिए सभी को टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए तब जाकर ही कोरोना जैसी वैश्विक महामारी के खतरे को दूर किया जा सकता है। -मयंक जोशी, जेल रोड
कोरोना से बचाव के लिए सभी को वैक्सीन लगानी चाहिए। इसका कोई साइड इफैक्ट नहीं हैं, कोरोना से बचाव के लिए वैक्सीन लाभदायक है। लोगों को अधिक से अधिक संख्या में वैक्सीनेशन अभियान में भागेदारी करनी चाहिए। - आदित्य बोरा, तिवारी कॉलोनी
बच्चों को कोरोना से सुरक्षा के लिए वैक्सीन लगानी चाहिए। जितने ज्यादा लोग वैक्सीन लगाएंगे, कोरोना का खतरा उतना ही कम होगा। वैक्सीनेेशन से सभी सुरक्षित रह सकते हैं। - हार्दिक अधिकारी, काठगोदाम
वैक्सीन लगाने के बाद कोरोना का डर दूर हुआ है। कोरोना से बचाव के लिए सभी को वैक्सीन लगानी चाहिए, जब सभी लोग टीकाकरण अभियान में बढ़ चढ़कर भागीदारी करेंगे तब जाकर ही देश में कोरोना संक्रमण खत्म होगा। - वंशिका वारियाल, नवाबी रोड, जय दुर्गा कालोनी
अभिभावक से बातचीत
देश में हर बच्चे को कोरोना का टीका लगाना चाहिए। क्योंकि जब बच्चे सुरक्षित होंगे तभी देश का भविष्य सुरक्षित होगा। सरकार ने जांच परख कर ही कोरोना से बचाव के लिए टीका बनाया है। - विजय बोरा, तिवारी कॉलोनी
हर बच्चे को टीका लगाना अनिवार्य होना चाहिए, जिससे कोरोना के डर को दूर किया जा सके। स्कूल स्तर पर भी टीकाकरण अभियान चलाना चाहिए ताकि सभी स्कूली बच्चे कोरोना महामारी के दौर में खुद को सुरक्षित महसूस करें। - कनक वरियाल, नवाबी रोड जय दुर्गा कॉलोनी
जिले में 38,527 बच्चों को टीका लगाने का लक्ष्य
हल्द्वानी। जिले में 12 से 14 साल आयु वर्ग के बच्चों को 15 मार्च से टीका लगाने का अभियान शुरू किया गया था। जनपद में 38527 बच्चों के टीकाकरण का लक्ष्य रखा गया है। इसमें भी 24 मार्च तक 4458 लोगों को टीका लग चुका था।
मेडिकल कालेज के कम्युनिटी मेडिसिन विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. साधना अवस्थी कहती हैं कि मेडिकल कॉलेज परिसर में टीका केंद्र बनाया गया है, शुरुआत में कुछ कम बच्चे आए लेकिन, अब उनकी संख्या हर दिन बढ़ रही है। 40 तक बच्चों को एक दिन में टीका लग रहा है। अभिभावकों के साथ बच्चे भी चाहते हैं कि उनको टीके का सुरक्षा कवच मिले। आने वाले दिनों में उम्मीद है कि और संख्या बढ़ेगी।
जनपद में 18 टीकाकरण केंद्र बनाए गए : डॉ. रश्मि
हल्द्वानी। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत कहती हैं कि जनपद में टीका लगाने के लिए 18 केंद्र बनाए गए हैं, यहां पर तय आयु वर्ग के बच्चों को टीका लगाया जा रहा है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा कहते हैं कि इन केंद्रों के अलावा स्कूलों में भी टीका लगाने की योजना बनाई गई है। यह कार्य शिक्षा विभाग के सहयोग से होगा, जो टीमें स्कूल जाएंगी उनके पास 12 से 14 साल आयु वर्ग के लिए कोर्बेवैक्स वैक्सीन और 15 से 17 साल आयु वर्ग के बच्चों के लिए कोवॉक्सीन भी होगी। ऐसे में हर आयु वर्ग को टीका लग सकेगा।
इन नंबरों पर कर सकते संपर्क
हल्द्वानी। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार वैक्सीनेशन को लेकर कोई जानकारी चाहिए तो इन नंबरों पर संपर्क किया जा सकता है। एसीएमओ डॉ. पंत कहती हैं कि 05946-281234, 05946-253850 के अलावा 9012214589, 8958192377 पर संपर्क कर स्कूल संचालक आदि वैक्सीनेशन से जुड़ी जानकारी और मदद दोनों प्राप्त कर सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें