रामनगर। कॉर्बेट टाइगर रिजर्व और उससे सटे वन प्रभागों ने वन्यजीव प्राणाी सप्ताह के अवसर पर विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। सीटीआर में वन्यजीव सप्ताह का शुभारंभ जन-जागरूकता साइकिल रैली के साथ हुआ। रैली को क्षेत्रीय विधायक दीवान सिंह बिष्ट ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में स्कूली बच्चों, वन विभाग के कर्मचारियों और स्थानीय लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
रामनगर में वाइल्डलाइफ आर्ट गैलरी ट्रस्ट, रामनगर वन प्रभाग और सीताबनी नेचर गाइड एसोसिएशन की ओर से भी जागरूकता रैली निकाली गई। आर्ट गैलरी के संस्थापक दीप रजवार ने बताया कि रैली में ग्रेट मिशन स्कूल, शाइनिंग स्टार पब्लिक स्कूल और एमपीआईसी इंटर कॉलेज के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। कालागढ़ रेंज में भी रेंज कार्यालय से कॉर्बेट वन्यजीव प्रशिक्षण केंद्र तक जागरूकता रैली निकाली गई। इस दौरान पार्क निदेशक डॉ साकेत बडोला, उपनिदेशक राहुल मिश्रा, पार्क वार्डन बिंदरपाल, रेंजर कृष्णा मेहरा, नंद किशोर रूवाली, ललित आर्या, संजय पांडेय, प्रमोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।