रानीबाग स्थित चित्रशिला घाट में तयशुदा समय के भीतर पुल निर्माण न किए जाने को गंभीरता से लेते हुए लोक निर्माण विभाग ने संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगा दिया है। वहीं ठेकेदार को चेतावनी दी है कि यदि तयशुदा समय पर डहरा पुल का निर्माण न हुआ तो कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बताते चलें कि लोनिवि की ओर से करोड़ों रुपये की लागत से चित्रशिला घाट के समीप और डहरा गांव में पुलों का निर्माण कराया जा रहा है। चित्रशिला घाट के समीप पुल तैयार करने की मियाद 31 दिसंबर थी। लेकिन आज तक यह पुल बनकर तैयार नहीं हुआ है। इसी तरह डहरा स्थित पुल के लिए भी समयसीमा तय है। लेकिन यहां भी काम बेहद धीमी गति से चल रहा है।
इन दोनों पुलों को लेकर 3 जनवरी को अमर उजाला ने डीएम साहब आपका वादा अधूरा शीर्षक के साथ प्रमुखता से समाचार प्रकाशित किया था। अमर उजाला में खबर छपने के बाद हरकत में आए लोनिवि ने संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी।
लोनिवि प्रांतीय खंड नैनीताल के अधिशासी अभियंता सुरेंद्र कुमार गर्ग ने बताया कि चित्रशिला घाट में बन रहे पुल को निर्धारित समयावधि के भीतर न बनाने पर संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया है।
अधिशासी अभियंता गर्ग ने बताया कि इसके अलावा ठेकेदार को निर्देश दिए गए हैं कि वह डहरा में निर्माणाधीन पुल को समयसीमा के भीतर तैयार कराएं। उन्होंने कहा कि यदि 31 जनवरी तक यह पुल बनकर तैयार नहीं हुआ तो संबंधित ठेकेदार के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।