पतलोट (नैनीताल)। ओखलकांडा ब्लॉक के लोनिवि गेस्ट हाउस पतलोट में शुक्रवार को बहुद्देशीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में ग्रामीणों ने एसडीएम अंशुल भट्ट से वन्य जीवों के बढ़ते हमले रोकने के लिए तेंदुए को पकड़ने की मांग की। सड़क निर्माण में गड़बड़ी की शिकायत आने पर एसडीएम ने ब्लॉक प्रमुख के साथ मौके पर जाकर निरीक्षण किया तथा संबंधित विभाग को मामले की जांच करने के निर्देश दिए।
कहा कि तेंदुए के भय से लोग घरों से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं। एसडीएम ने वन विभाग से तेंदुए को पकड़ने के लिए कार्रवाई करने को कहा। ग्रामीणों ने जल जीवन मिशन योजना के तहत पेयजल लाइन की खराब गुणवत्ता से पानी की समस्या से अवगत कराया। एसडीएम ने विभागीय अधिकारियों से पेयजल योजना का लाभ ग्रामीणों को देने को कहा।
ग्रामीणों ने कौडार से पश्या लिंक ग्रामीण सड़क निर्माण में खराब गुणवत्ता होने की शिकायत की। शिकायत पर एसडीएम अंशुल भट्ट और ब्लॉक प्रमुख केडी रुवाली ने सड़क का निरीक्षण किया। एसडीएम ने पीएमजीएसवाई के अधिशासी अभियंता को फोन करके मामले की जांच करने को कहा। दायित्वधारी शांति मेहरा ने सरकार की योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीणों से स्वरोजगार से जुड़ने का आह्वान किया। इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख कमलेश कैड़ा, राज्य आंदोलनकारी हरीश पनेरू, तहसीलदार मनीषा बिष्ट, आशा मटियाली, भुवन रुवाली, बद्री महतोलिया, बलदेव चौहान, मनोज सुयाल, रमेश मटियाली, देशराज आदि मौजूद रहे।