लेटीबुंगा में सीएम पुष्कर सिंह धामी का स्वागत करते भाजपाई।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि भाजपा सरकार की ओर से प्रदेश में किए जा रहे मंदिरों के सौंदर्यीकरण और विकास कार्यों से विपक्षियों को बेहद परेशानी है। उन्होंने कहा कि विपक्ष को बाबरी मस्जिद तो पसंद है लेकिन कैंची धाम का सौंदर्यीकरण रास नहीं आ रहा है। सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार सनातन धर्म को निरंतर आगे बढ़ाते रहेगी। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने 10 हजार हेक्टेयर भूमि को लैंड जिहाद से मुक्त करा दिया है।
यह बात सीएम धामी ने शुक्रवार को हिमगिरी स्टेडियम लेटीबुंगा में विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करने के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कहीं। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार की ओर से बनाए गए लैंड जिहाद, भू-कानून, समान नागरिक संहिता कानून समेत अन्य कानून रास नहीं आ रहे हैं। कांग्रेस वोट की राजनीति के चक्कर में एक समुदाय विशेष के अधिकारियों को बचाने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि सरकार ने कहा कि हल्द्वानी के बनभूलपुरा में दंगे में शामिल उपद्रवियों को जेल भेजने का काम किया है। कहा कि भाजपा सरकार घुसपैठियों को प्रदेश से बाहर करेगी। देवभूमि में मुगल परस्त मानसिकता को पनपने नहीं देंगे।
सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के चलते डेमोग्राफी में बदलाव देखने को मिल रहा है लेकिन भाजपा सरकार जंगल में हरी चादर डालकर अतिक्रमण करने वालों को हटाने का काम कर रही है। सीएम ने कहा कि लैंड जिहाद और लव जिहाद को लेकर सख्त कदम उठाए जा रहे हैं। साथ ही दंगा रोकने के लिए दंगा रोधी कानून बनाया गया है।
इन विकास योजनाओं का किया लोकार्पण
- 4.53 करोड़ से सेनिटोरियम से अल्मोड़ा मार्ग तक भवाली बाईपास भाग-1 का डामरीकरण
- 11.62 करोड़ से भवाली-सेनिटोरियम से नैनीबैंड तक भवाली बाईपास पार्ट-2 सुधारीकरण
- 7.95 करोड़ से भीमताल बाईपास मोटर मार्ग का सुधारीकरण
- 16.62 करोड़ भीमताल-खुटानी-चांफी-परमपुरी-धानाचुली पंचेश्चर मोटरमार्ग सुधारीकरण का निर्माण कार्य
- 19.48 करोड़ से 50 बेड क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण
- 8.43 करोड़ से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय हल्दूचौड़ में पुस्तकालय, बहुउद्देशीय हॉल का निर्माण
- 1.46 करोड़ से निराश्रित गोवंश के लिए ग्राम पूछड़ी में गोशाला का निर्माण
- 61.38 लाख से राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जाड़ापानी भीमताल में पुस्तकालय कक्ष, कम्प्यूटर कक्ष एवं विज्ञान प्रयोगशाला कक्ष का लोकार्पण
सीएम ने इन योजनाओं का किया शिलान्यास
- सीएम ने 5.35 करोड़ से लालकुआं डिग्री कॉलेज में परीक्षा भवन निर्माण
- 97.72 लाख से लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय में चहारदीवारी निर्माण
- 1.5 करोड़ की लागत से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में स्वीमिंग पूल पर टेंसाईल शेड एवं पूल कवरिंग कार्य
- 46.54 लाख से राजकी उच्चतर माध्यमिक स्कूल झड़गांव में भवन निर्माण कार्य
- 75 लाख की लागत से ओखलकांडा में सभागार कक्ष
- 45 लाख की लागत से रामनगर में टाईप-4 आवासीय भवन निर्माण
- 9.81 करोड़ से बेतालघाट में दूनीखाल से रातीघाट तक मोटर मार्ग का निर्माण
- 8.19 करोड़ से पंगोट-दैचोरी मार्ग का नवनिर्माण
- इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम गौलापार में सुरक्षा के लिए बाढ़ सुरक्षात्मक कार्य की योजनाओं का शिलान्यास किया।