सीएम ने अधिकारियों को दी हिदायत
सीएम ने अधिकारियों को हिदायत देते हुए कहा कि उन्हें अपनी निर्माणाधीन योजनाओं की जानकारी टिप्स में होनी चाहिए। अधिकारी बैठक में प्रतिभाग करने से पहले अपना होमवर्क कर बैठक में सम्मिलित हो। सीएम ने कहा कि हाल ही में माननीय प्रधानमंत्री के दौरे के बाद मानसखंड और गूंजी को लेकर पर्यटकों और तीर्थयात्रियों द्वारा काफी पूछताछ की जा रही है। निश्चित तौर पर इसका सकारात्मक असर आगमी गर्मियों में देखने को मिलेगा और सैलानियों की संख्या में इजाफा होगा।
इसके लिए उन्होंने आयुक्त और डीएम पिथौरागढ़ को तात्कालिक तौर पर पर्यटकों के लिए आवासीय और खान पान की अस्थाई व्यवस्था हेतु प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कुमाऊं में गतिमान कार्यों की समीक्षा के लिए आयुक्त को नियमित मॉनिटरिंग जिससे तय समय पर गुणवत्ता युक्त कार्य पूर्ण हो सके। साथ ही नियमित मॉनिटरिंग से यह फायदा होगा कि शासन स्तर पर भी योजनाओं का फॉलो अप होता रहेगा।
उन्होने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान चलाकर ड्रग्स, चरस आदि की सप्लाई चेन को तोडने का कार्य किया जाए। इसके लिए पुलिस विभाग, आयुर्वेदिक,स्वास्थ्य विभाग , युवक मंगल दलों, महिला मंगल दल और अन्य संस्थाओं से भी सहयोग लेकर लोगों को जागरूक करे। उन्होंने कहा कि जो लोग नशे से विरक्त हो चुके हैं उन्हें चिन्हित कर उनसे भी काउंसलिंग कराई जाए। हमारा प्रयास होना चाहिए कि नशा छोड़ चुके व्यक्ति पुनः नशे की गिरफ्त में न आ सके।
इस दौरान सड़क, शिक्षा, पेयजल, कृषि, पर्यटन व लोक निर्माण के अंतर्गत चल रहे विकास कार्यों की जानकारी लेते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को तय समय पर विकास कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। बैठक में विधायक नैनीताल सरिता आर्य, राम सिंह कैड़ा, दीवान सिंह बिष्ट, जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मंडी परिषद अध्यक्ष डा अनिल डब्बू, मंडलायुक्त दीपक रावत, आईजी डा योगेंद्र सिंह यादव, जिलाधिकारी नैनीताल वन्दना सिंह, एसएसपी प्रह्लाद नारायण मीणा, सीडीओ डा संदीप तिवारी के साथ ही कुमाऊ मंडल के समस्त जिलाधिकारी और एस एस पी वीसी से जुड़े हुए थे।