हल्द्वानी। जिला सेवायोजन कार्यालय नैनीताल की ओर से एचएन इंटर कॉलेज में आयोजित मेगा रोजगार मेले में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 42 युवाओं को नियुक्ति पत्र प्रदान किए। उन्होंने कहा कि जिन युवाओं को रोजगार मेले में नियुक्ति पत्र नहीं मिला है, उन्हें कैंपस प्लेसमेंट के माध्यम से नियुक्ति दी जाएगी।
रोजगार मेले में प्रदेश की 35 कंपनियों ने प्रतिभाग किया। मेले में विभिन्न जिलों से आए 1150 बेरोजगारों ने पंजीकरण कराया। तीन कंपनियों ने वर्चुअली 162 युवाओं का ऑनलाइन साक्षात्कार लिया। इसमें सात लोगों को नियुक्ति दी गई। इससे पूर्व मुख्यमंत्री, उच्च शिक्षा मंत्री धन सिंह रावत और संसदीय कार्य, शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत ने रोजगार मेले का शुभारंभ किया। सीएम धामी ने कहा कि सभी जिलों में रोजगार मेलों का आयोजन कराया जा रहा है। स्वरोजगार को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में 3700 होम स्टे पंजीकृत किए गए हैं। इनके तहत आठ हजार युवक और युवतियों को स्वरोजगार मिला है।
इस मौके पर कमिश्नर दीपक रावत, जिला पंचायत अध्यक्ष बेला तोलिया, डीआईजी नीलेश आनंद भरणे, डीएम धीराज सिंह गर्ब्याल, एसएसपी पंकज भट्ट, मेयर डॉ. जोगेंद्र रौतेला, ब्लॉक प्रमुख रूपा देवी, आईटीआई संयुक्त निदेशक जेएम नेगी, उपनिदेशक चंद्रकांता, सहायक निदेशक वाईएस रावत, ममता चौहान, जिला सेवायोजन अधिकारी राजेश दुर्गापाल आदि रहे।