देहरादन में सर्किल रेट मामले में सीएम से मिलते विधायक बंशीधर भगत। स्रोत-भाजपा
हल्द्वानी। विधायक बंशीधर भगत ने सीएम पुष्कर सिंह धामी से भेंट कर नैनीताल में हाल ही में लागू किए गए नए सर्किल रेटों पर पुनर्विचार कराने की मांग की है। कहा है कि नए सर्किल रेटों में 100 से 480 प्रतिशत तक की बेतहाशा वृद्धि के कारण आम लोगों पर स्टांप ड्यूटी और आयकर का बोझ बढ़ गया है। इससे भूमि खरीद-फरोख्त का कारोबार प्रभावित हुआ है। धामी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
विधायक भगत ने सीएम धामी को बताया कि अकेले हल्द्वानी तहसील के नगर निगम एवं ग्रामीण इलाकों में यह वृद्धि अत्यधिक है। कहा कि इससे किसानों को जमीन बेचने पर अधिक कर चुकाना पड़ रहा है और रियल एस्टेट बाजार भी बुरी तरह प्रभावित हुआ है। कहा कि ग्राम पदमपुर पडलिया, नरीपुर लामाचौड़ व लामाचौड़ खास की पुरानी मूल्यांकन दरें 5500 रुपये थी जो अब बढ़कर 32000 रुपये हो गई हैं। भगवानपुर क्षेत्र की में भी दर 7000 से 8000 रुपये बढ़कर 36000 रुपये पहुंच गई है।
-
सीएम ने प्रमुख सचिव आरके सुधांशु को बढ़ाई गई मूल्यांकन दरों का विस्तृत अध्ययन कर पुनर्निरीक्षण के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा है कि नैनीताल जैसे संवेदनशील जिले में सर्किल रेट निर्धारण में स्थानीय जरूरतों को ध्यान में रखा जाएगा। अध्ययन रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक संशोधन किए जाएंगे ताकि भूस्वामियों, किसानों, कारोबारियों और भूमि खरीदने करने वालों को राहत मिल सके। - बंशीधर भगत, विधायक कालाढूंगी