हल्द्वानी। केंद्रीय सड़क निधि से बजट मिला तो चोरगलिया से सितारगंज की सड़क अब लोक निर्माण विभाग बनाएगा। सिडकुल ने इस सड़क को बनाने से अपना पल्ला झाड़ लिया है। अब लोक निर्माण विभाग ने 7.6 किलोमीटर की सड़क के लिए केंद्रीय सड़क निधि से 20 करोड़ रुपये का बजट मांगा है।
चोरगलिया से लेकर सितारगंज तक साढ़े सात किलोमीटर सड़क सिडकुल के अधीन आती है। चुनाव के समय इस सड़क की भार क्षमता मानकों के अनुसार कम बताते हुए लोक निर्माण विभाग ने इस सड़क को बनाने के लिए सिडकुल से 10 करोड़ रुपये मांगे थे, लेकिन सिडकुल ने इसे देने से मना कर दिया और लोक निर्माण ने इस सड़क को नहीं बनाया। इसके बाद सिडकुल ने इस सड़क का निर्माण तीन करोड़ की लागत से खुद किया। दो माह बाद ही तीन करोड़ की सड़क उखड़ गई है। अब लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता ने बताया कि पहले ही सिडकुल उनकी बात मान लेता तो तीन कराड़ की सड़क के ये हाल नहीं होते।
अब लोक निर्माण विभाग ने केंद्रीय सड़क निधि में इस सड़क का प्रस्ताव भेजा है। लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता अशोक चौधरी ने बताया कि इस सड़क को खोदकर दोबारा इसे बनाया जाएगा। इस सड़क की भार क्षमता बढ़ाने की जरूरत है। इसके लिए 20 करोड़ रुपया मांगा गया है।