हल्द्वानी। दमुवाढूंगा में गैस पाइपलाइन के लिए की खोदाई के दौरान मुख्य पेयजल लाइन टूटने के बाद लाइनों में मलबा भर गया। मलबे से छोटी पेयजल लाइनें चोक हो गई हैं। लाइनें अधिक गहरी होने के कारण पांच दिन बाद भी पेयजल लाइनों की मरम्मत नहीं हो पाई है। इस कारण लोगों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
गैस पाइप लाइन के लिए खोदाई के दौरान टूटी पेयजल लाइन में रोड़े, पत्थर, मिट्टी भरने से कुसुमखेड़ा इलाके की भूमिया विहार फेज एक से पांच, उत्तरांचल विहार फेज एक से तीन, कमलुवागांजा रोड में त्रिमूर्ति मंदिर तक पेयजल लाइनें चोक हैं। पांच दिन से इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति ठप है। जलसंस्थान के अवर अभियंता एमसी सती ने बताया कि इलाके की सभी लाइनें चोक हैं। यह लाइनें तीन से छह फीट तक गहरी होने से इनकी मरम्मत में अधिक समय लग रहा है। इन इलाकों में पेयजल आपूर्ति नहीं हो रही है। इधर, जलसंस्थान के अपर सहायक अभियंता पंकज उपाध्याय ने बताया कि प्रभावित इलाकों में टैंकरों से पानी बांटा गया। ईई संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि एचपीसीएल की ओर से पेयजल लाइन तोड़ने से हुए नुकसान की जानकारी डीएम को दी गई है। अब एचपीसीएल से मैनुअल काम कराने की अपील की है।
निजी कनेक्शनों की जांच करा लें उपभोक्ता
हल्द्वानी। जलसंस्थान के सहायक अभियंता एलएम पांडे ने बताया कि पेयजल वितरण लाइनों के अलावा कई लोगों के निजी कनेक्शनों में मलबा भर गया है। विभाग लाइनों की मरम्मत करा रहा है। उन्होंने क्षेत्र के पेयजल उपभोक्ताओं से अपील की है कि वह अपने निजी कनेक्शनों की भी जांच करा लें। किसी कनेक्शन में कूड़ा, मलबा अटकने से पेयजल सप्लाई चोक हुई है तो उसकी भी मरम्मत करा लें।