लापता बच्चा 4 घंटे में बरामद बच्चे के साथ महिला उपनिरीक्षक कुसुम रावत बनभूलपुरा थाना।
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। शादी समारोह में मां के साथ आया चार साल का बच्चा चोरगलिया रोड स्थित शाही समारोह से लापता हो गया। बरेली रोड पर एक व्यक्ति ने बच्चे को रोते हुए देखा तो वह उसे लेकर बनभूलपुरा पुलिस के पास पहुंच गया। चार घंटे बाद बच्चे को पाकर माता पिता ने उसे गले से लगा लिया।
थानाध्यक्ष सुशील कुमार ने बताया कि ऊधमसिंह नगर जिले के जगतपुरा रुद्रपुर निवासी कादिर अपने चार साल के बेटे फैज को लेकर चोरगलिया रोड स्थित एक शादी समारोह में आए थे। रविवार अपराह्न करीब तीन बजे अचानक बच्चा समारोह स्थल से लापता हो गया। इसके बाद पिता ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने बच्चे की फोटो सोशल मीडिया पर अपलोड कर दी।
इसके बाद उपनिरीक्षक कुसुम रावत के नेतृत्व में पुलिस टीम बच्चे को ढूंढने में लग गई। पुलिस ने सीसीटीवी को खंगालना शुरू किया। इस बीच बनभूलपुरा निवासी जीतू सागर को बच्चा बरेली रोड पर रोते हुए दिखाई दिया। जीतू ने बच्चे को बनभूलपुरा पुुलिस के सुपुर्द कर दिया। उपनिरीक्षक कुसुम रावत ने बच्चे को उसकी मां के हवाले कर दिया।