हल्द्वानी। मानव वध सेल ने 20 लाख की धोखाधड़ी के आरोपी प्रापर्टी डीलर को रविवार सुबह उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। आरोप है कि प्रापर्टी डीलर ने अवकाश प्राप्त वन दरोगा से पैसे तो ले लिए लेकिन उसे जमीन नहीं दी।
मानव वध सेल के प्रभारी निरीक्षक त्रिलोक राम बगरेठा के अनुसार पंचशील कॉलोनी निवासी अवकाश प्राप्त दरोगा आनंद लाल शाह ने जमीन खरीदने के लिए अपनी ही कालोनी के प्रापर्टी डीलर हरीश कुमार से संपर्क किया।
हरीश ने जमीन दिखाने के बाद इकरारनामा कर वन दरोगा से दो अक्तूबर 2019 से 30 अक्तूबर तक 20 लाख रुपये ले लिए। पैसा लेने के बाद प्रापर्टी डीलर जमीन देने से मुकर गया। वन दरोगा के दबाव बनाने पर उसने दस-दस लाख रुपये के दो चेक दिए, जो बाउंस हो गए। इसके बाद वन दरोगा की शिकायत पर तत्कालीन डीआईजी ने मामले की जांच एसआईटी को सौंप दी। इसके बाद कोतवाली पुलिस ने इस मामले में 20 अगस्त 2020 को धारा 420 के तहत हरीश कुमार के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।
जांच में पता चला कि आरोपी हरीश अल्मोड़ा जिले के बनौड़ा सोमेश्वर का मूल निवासी है। विवेचक त्रिलोक राम बगरेठा ने जांच के बाद रविवार सुबह आरोपी प्रापर्टी डीलर को उसके पंचशील कॉलोनी स्थित घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।