रामनगर (नैनीताल)। वन क्षेत्राधिकारी संजय पांडे और स्वर साधना समिति रामनगर की ओर से वन परिसर में कुमाऊंनी बैठकी होली गायन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भाजपा के प्रदेश महामंत्री सुरेश भट्ट और समिति अध्यक्ष हीरा बल्लभ पाठक एवं समाजसेवी गणेश रावत ने संयुक्त रूप से किया।
होली गायन का शुभारंभ हीरा बल्लभ पाठक ने गणेश वंदना से किया। वरिष्ठ होल्यार हेम पांडे ने जंगला काफी में ‘सांची सांची कहो बलम’ गाया उनके तबले पर संगत गिरीश तिवारी ने की। इसके बाद हल्द्वानी से आए होल्यार अरुण पांडे ने राग खम्माच में ‘चतुर कान्हा तुम, मैं तुम से खेलूंगी होरी’ गाकर श्रोताओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। नंदन जोशी ने राग देश में ‘बैयां पकड़ रंग दीनी’ गाया उनके साथ तबला संगत चित्रेश त्रिपाठी ने की।
निर्मल पंत, संजय जोशी, निधि जोशी, नवीन बेगाना, गौरव कुमार, अभिषेक तिवारी आदि होल्यारों ने पूरी रात बागेश्री, सहाना, पहाड़ी, जयजयवंती, विहाग, परज भैरवी आदि रागों में बेहतरीन होली गायन कर श्रोताओं को भोर की बेला तक बांधे रखा। कार्यक्रम में अल्मोड़ा, नैनीताल, हल्द्वानी, रुद्रपुर, काशीपुर और रामनगर के कई वरिष्ठ और नवोदित होल्यारों के अतिरिक्त क्षेत्र के कई अन्य गणमान्य सुधी श्रोता उपस्थित रहे।