रोडवेज पर संदिग्ध रूप से घूमते हुए प्रेमी युगल को पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने युवती से पूछताछ कर उसे परिजनों के हवाले कर दिया। इसके बाद प्रेमी को भी छोड़ दिया। अल्मोड़ा जिले के गुनियालेख की युवती प्रेमी से मिलने के लिए रविवार को घर से भागकर रोडवेज पर आ गई थी। युवती के गायब होने पर परिजन भी उसे ढूंढते हुए काठगोदाम पहुंच गए।
युवती एक युवक के साथ थी। इस बीच युवती के गांव के एक व्यक्ति ने दोनों को देखने के बाद परिजनों को सूचना दी। परिजनों ने इस मामले में काठगोदाम पुलिस की मदद मांगी। रोडवेज पर तैनात पुलिसकर्मियों ने प्रेमी युगल को पकड़ लिया। पूछने पर पता चला कि युवती का प्रेमी बिजनौर यूपी का रहने वाला है। उसके पास फर्जी आईडी मिली है।
पुलिस ने युवती को उसके परिजनों को हवाले कर दिया। इसके बाद युवक को भी पुलिस ने हिदायत देकर छोड़ दिया। इस बारे में पूछने पर काठगोदाम पुलिस का कहना है कि उन्होंने प्रेमी युगल को नहीं पकड़ा है। पता चला कि पुलिस ने इस कार्रवाई को रिकॉर्ड में दर्ज नहीं किया है।