हाईकोर्ट बार एसोसिएशन ने उच्च न्यायालय को शिफ्ट किए जाने के मामले में सुप्रीम कोर्ट में एसएलपी दायर कर दी है। यह जानकारी हाईकोर्ट बार अध्यक्ष डीसीएस रावत ने दी। 8 मई को आईडीपीएल ऋषिकेश से जुड़े एक मामले की सुनवाई के दौरान मुख्य सचिव उत्तराखंड राधा रतूड़ी व मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव आर के सुधांशु वीसी के माध्यम से हाईकोर्ट में उपस्थित हुए थे। उन्हें हाईकोर्ट को नैनीताल से शिफ्ट करने के लिए जगह चिह्नित करने की सूचना दी थी। उसी दिन दोपहर बाद हाईकोर्ट बार एसोसिएशन व अधिवक्ताओं का पक्ष भी सुना गया था।
एक माह में पूरी करनी है जगह चयन संबंधी प्रक्रिया
हाईकोर्ट को नैनीताल से स्थानांतरित करने के मुद्दे को शीघ्र निपटाने के लिए हाईकोर्ट ने एक प्रक्रिया तैयार की है। हाईकोर्ट ने मुख्य सचिव, उत्तराखंड सरकार को उच्च न्यायालय की स्थापना, न्यायाधीशों, न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों के लिए आवासीय आवास, कोर्ट रूम, कॉन्फ्रेंस हॉल, कम से कम 7,000 वकीलों के लिए चैंबर, कैंटीन, पार्किंग स्थल के लिए सबसे उपयुक्त भूमि का पता लगाने का निर्देश दिया है।