किच्छा। नगर के बेदी मोहल्ले के पास शुक्रवार शाम को साप्ताहिक बाजार में बाइक की टक्कर हो जाने पर दरऊ के एक व्यक्ति की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने पालिका के पूर्व सभासद के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर किया है।
ग्राम दरऊ निवासी पप्पू पाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि शाम 6.30 बजे वह सब्जी लेने पुरानी गल्ला मंडी गया था। उसकी गाड़ी के आगे पूर्व सभासद धनीराम बाइक से जा रहा था। भीड़ के कारण बाइक धनी राम की बाइक से टकरा गई। आरोप है कि धनीराम गालीगलौज करने लगा और फोन करके अपने लड़कों को बुलाकर पीटा और जेब में रखे दो हजार चार सौ पचास रुपये छीन लिए। उसके सिर पर व हाथ पर गुम चोटें आईं हैं। पुलिस ने पूर्व सभासद धनीराम के खिलाफ लूट का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीओ ओम प्रकाश शर्मा ने बताया कि वह कल यहां नहीं थे। मामले की जानकारी कोतवाल देंगे। कोतवाल धीरेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। कांग्रेस के पूर्व नगर अध्यक्ष व पार्टी के वरिष्ठ नेता बबलू चौधरी ने कोतवाली पुलिस पर कांग्रेसियों के उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि पूर्व सभासद धनीराम को षड्यंत्र रचकर सुनियोजित तरीके से फंसाया गया है। कोतवाली पुलिस ने शाम को बाइक की टक्कर को लेकर पूर्व सभासद पर लूट का मुकदमा दर्ज कर दिया। एसएसपी से मिलकर जांच की मांग करेंगे।
पुलिस ने फर्जी मुकदमा दर्ज किया : धनीराम
किच्छा। पूर्व सभासद धनीराम ने बताया कि जिस समय विवाद हुआ, वह मौके पर नहीं थे ही। उन्होंने बताया कि उनके पुत्र महेश की बाइक को दरऊ के एक व्यक्ति ने साप्ताहिक बाजार में भीड़ होने के कारण टक्कर मार दी जिससे उनके पुत्र का मोबाइल गिरकर टूट गया। उनके पुत्र के साथ दूसरे पक्ष की मोबाइल के पैसे देने को लेकर बात चल रही थी। देर रात उन्हें पता चला कि उन पर मुकदमा दर्ज किया गया है। उन्होंने अपने आप को निर्दोष बताते हुए दर्ज मुकदमे को फर्जी बताया है।