कोटाबाग (नैनीताल)। होली का त्योहार मनाने गए तीन दोस्तों की कार खाई में गिर गई। दो दोस्त तो जान बचाने के लिए कार से कूद गए, जबकि तीसरा कार के साथ खाई में गिर गया। इसके बाद तीनों खाई से निकलकर अस्पताल पहुंचे, जहां एक की हालत गंभीर होने पर उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया और उसने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
मंगलवार को कोटाबाग निवासी देवेंद्र बिष्ट (50) पुत्र स्व. शिव सिंह अपने दो साथियों यशपाल बिष्ट और योगेश बिष्ट के साथ अपराह्न करीब तीन बजे कार (यूए 07एच 2267) से घूमने गए थे। कोटाबाग से तीन किमी ऊपर सानडा के पास बैंड में अचानक चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार 300 मीटर गहरी खाई में गिरने लगी। इसी समय देवेंद्र और यशपाल ने कार से छलांग लगा दी, जबकि योगेश कार के साथ खाई में गिर गया। बचने की कोशिश में देवेंद्र बिष्ट को गुम चोटें आईं और यशपाल सिंह और योगेश भी जख्मी हो गए। इसके बाद तीनों दोस्त गांव की एक निजी गाड़ी से सीएचसी गए, जहां डॉक्टर सलीम अंसारी ने तीनों का इलाज किया। उन्होंने बताया कि यशपाल और योगेश खतरे से बाहर हैं, जबकि सिर में चोट के चलतेे देवेंद्र की सांस की नली में खाना फंसने से उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया। देवेंद्र ने हल्द्वानी में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।
देवेंद्र सिंह उनके दो बेटे और एक बेटी हैं और वह मजदूरी कर परिवार का भरण पोषण करते थे। बुधवार को देवेंद्र सिंह का अंतिम संस्कार किया गया। पहाड़ पट्टी पटवारी आशा सक्सेना ने बताया कि हादसे की लिखित सूचना मिलने पर मामले की जांच पड़ताल की जाएगी।