गरमपानी (नैनीताल)। डीएम सविन बंसल ने बृहस्पतिवार को खैरना-गरमपानी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम बंसल ने अस्पताल परिसर में ओपीडी, एक्स-रे कक्ष, पैथ लैब, अल्ट्रासांउड कक्ष आदि का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल का मरम्मत कार्य धीमी गति से होने पर नाराजगी जताई। एसडीएम गौरव चटवाल को निर्देश दिए कि वह कार्यदायी संस्था से 15 फरवरी तक काम पूर्ण कराएं।
डीएम बंसल ने सीएमओ डॉ. भारती राणा को स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर करने के निर्देश दिए। कहा कि स्वास्थ्य केंद्र में स्थापित पैथ लैब और क्षयरोग निदान प्रयोगशाला को फरवरी तक क्रियाशील कर दिया जाएगा। पैथ लैब मेें प्रयोगशाला सहायक और नर्स की तैनाती के लिए कार्रवाई को कहा। सीएमओ से भवाली के स्वास्थ्य केंद्र में तैनात बालरोग विशेषज्ञ को सप्ताह में दो दिन गरमपानी स्वास्थ्य केंद्र में भेजने के निर्देश दिए। उसके बाद डीएम ने देर शाम सामुदायिक स्वास्थ्य केेंद्र सुयालबाड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान सीईओ केके गुप्ता, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विनीत कुरील, जल संस्थान ईई संतोष उपाध्याय, तहसीलदार नितेश डागर, हेम तिवारी आदि रहे।