नैनीताल और भीमताल में एटीएम से निकाली गई धनराशि के बाद बैंकों में हड़कंप मच गया है। बैंकों ने आईटी सेल को मामला रेफर कर दिया है। बैंकों के साथ ही अब एटीएम में हिडेन कैमरा लगाया जाएगा।
सोमवार रात हैकर्स ने नैनीताल और भीमताल में अलग-अलग बैंकों के एटीएम के माध्यम से अकाउंट से पैसे निकाल लिए। बैंकों से फोन पर मैसेज आने पर लोगों को पता चला कि उनके खाते से धनराशि निकल चुकी है। हैकर्स ने एक एटीएम धारक से सिर्फ रिन्यूवल के नाम पर कोड पूछा और धनराशि निकाल ली। जबकि अन्य उपभोक्ताओं का कहना था कि उनका एटीएम घर पर ही था और धनराशि खाते से निकल गई। इस संबंध में लीड बैंक प्रबंधक केएल आर्या ने बताया कि इस तरह की घटना पहली बार हुई है। बैंकों ने अपने-अपने आईटी सेल को मामला जांच के लिए रेफर किया है। उन्होंने बताया कि बैंकों और एटीएम में हिडेन कैमरे भी लगाए जाएंगे। आर्या ने बताया कि लोगों को जागरूक करने के लिए एटीएम में सावधानियां चस्पा की गई हैं। एटीएम पर लिखा है कि पासवर्ड या एटीएम का नंबर किसी भी व्यक्ति को न बताएं। बैंक अधिकारी या कर्मचारी फोन पर कभी भी पासवर्ड या कार्ड नंबर नहीं पूछते हैं। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अपने एटीएम का नंबर या पासवर्ड किसी को न बताएं।