नैनीताल। प्री मानसून की बारिश शुरू होने के बावजूद जंगलों में आग लगने की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। बुधवार देर रात नैनीताल के समीपवर्ती देवीधूरा-पापड़ी क्षेत्र के जंगल में आग लगने से खलबली मच गई। हवा के कारण आग तेजी से फैलने लगी और देखते ही देखते जंगल का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। समय रहते वनकर्मियों के पहुचंने से आग को आबादी वाले क्षेत्र तक पहुंचने से रोक लिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार देर रात जंगल से उठती लपटें और धुआं दिखाई देने पर ग्रामीणों में दहशत फैल गई। आग रिहायशी क्षेत्र की ओर बढ़ने लगी तो ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्राथमिक जानकारी के अनुसार आग किसी अराजक तत्व की ओर से लगाए जाने की आशंका जताई जा रही है। वन विभाग की एसडीओ ममता चंद ने बताया कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।