हल्द्वानी। खेल विभाग ने मौसम बदलने के साथ ही खेल शिविरों के समय में बदलाव तो कर दिया लेकिन संसाधनों के अभाव में खिलाड़ी समय से पहले मैदान छोड़ने को मजबूर हो रहे हैं। जिले में संचालित विभिन्न खेल शिविरों में शाम ढलते ही रोशनी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से खिलाड़ियों का अभ्यास प्रभावित हो रहा है। हल्द्वानी स्पोर्ट्स स्टेडियम और गौलापार खेल विश्वविद्यालय परिसर के अलावा जिले खेल शिविरों में स्थायी लाइट की व्यवस्था नहीं है।
विज्ञापन
जनपद में हल्द्वानी के निजी मैदानोें सहित कालाढूंगी, रामनगर, नैनीताल और भीमताल में शिक्षा विभाग के मैदानों में खेल शिविर संचालित हैं जहां सीमित रोशनी की व्यवस्था है। विभाग ने अभ्यास का समय शाम चार से छह बजे तक निर्धारित किया है, लेकिन स्थायी रोशनी के अभाव में खिलाड़ियों की प्रैक्टिस का समय सीमित हो जाता है।
वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी पूनम मेहता ने बताया कि खेल शिविरों में कोच की ओर से लाइट की मांग किए जाने पर प्रस्ताव तैयार कर भेजा जाएगा। स्वीकृति मिलने के बाद संबंधित मैदानों में लाइट लगाई जाएगी। वहीं, कोचों का कहना है कि लाइट की व्यवस्था को लेकर मांग की जा चुकी है, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ है।