हल्द्वानी राजकीय इण्टर कॉलेज बनभूलपुरा में आरटीआई में सूचना मांगने गये टीचर पुष्पेश सांगा पर कि
- फोटो : HALDWANI
हल्द्वानी। राजकीय इंटर कॉलेज बनभूलपुरा में सोमवार की दोपहर प्रधानाचार्य आरएस पांडे और पूर्व शिक्षक पुष्पेश सांगा के बीच मारपीट हो गई। पुलिस ने इस मामले में दोनों तरफ से मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की जांच की जाएगी।
प्रधानाचार्य आरएस पांडे का कहना है कि कॉलेज के पूर्व शिक्षक पुष्पेश सांगा ने आरटीआई के तहत समग्र शिक्षा अभियान के तहत अभिलेखों को देखने के लिए कहा था। सोमवार को वह कालेज में आकर अभिलेख देखने लगे। कुछ देर बाद वह प्रधानाचार्य के कक्ष में मोबाइल वीडियो ऑन करते हुए आए। प्रधानाचार्य का कहना है कि वह बिना अनुमति कक्ष में आए थे। उस समय कॉलेज के गोपनीय कागज तैयार किए जा रहे थे। पांडे के अनुसार सांगा को वीडियो रिकार्डिंग नहीं करने के लिए उन्होंने आगाह किया लेकिन फिर भी वह नहीं माने। मना करने पर उन्होंने हाथ चलाया। बचाव में उन्होंने मारपीट की। प्रधानाचार्य का कहना है कि पुष्पेश पहले यहां शिक्षक थे लेकिन 2016 में प्रशासनिक आधार पर उन्हें हटाया गया था। वर्तमान में वह धौर्सा राजकीय इंटर कालेज में अध्यापक हैं। उनका यह भी कहना है कि पुष्पेश ने पूर्व प्रधानाचार्य अशोक कुमार शुक्ला को भी आरटीआई से सूचना मांगकर परेशान कर दिया था। अशोक को हार्ट अटैक भी पड़ गया था। अब उनकी मौत हो चुकी है।
इधर, पुष्पेश सांगा का कहना है कि उन्होंने आरटीआई के तहत कॉलेज का निरीक्षण किया था। कॉलेज ने नियमों के विपरीत तेजाब भी खरीदा गया था। उन्होंने निरीक्षण आख्या बनाने के लिए प्रधानाचार्य से कहा था। आरोप लगाया कि कालेज में धांधली हुई है। इसी बात को लेकर वह प्रधानाचार्य से शिकायत करने गए थे। यह भी आरोप लगाया कि कक्ष में पहुंचते ही प्रधानाचार्य ने हमला कर दिया। इस बारे में थानाध्यक्ष मोहम्मद यूनुस का कहना है कि प्रधानाचार्य की शिकायत पर पुष्पेश के खिलाफ धारा 504 के तहत और पुष्पेश की तहरीर पर प्रधानाचार्य के खिलाफ धारा 323, 504 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।