नैनीताल। नैनीताल में पिछले दिनों ठंडी सड़क क्षेत्र में एक युवक के साथ हुई लूटपाट के अलावा पुलिस ने कार से टायर और अन्य सामान चोरी होने के मामले का खुलासा किया है। पुलिस ने दोनों मामलों में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। तीनों आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से दो को जेल भेज दिया, जबकि एक को जमानत मिल गई।
बता दें कि दस दिसंबर को यहां ठंडी सड़क में एरियेशन में कार्यरत मल्लीताल निवासी हयात सिंह बोरा के साथ दो युवकों ने न केवल लूटपाट की बल्कि पत्थर मारकर उन्हें घायल भी कर दिया था। आरोपी बोरा का मोबाइल और पर्स लूटकर भाग गए थे। इस मामले में पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। एसएसपी पंकज भट्ट के निर्देश पर गठित की गई दो टीमों ने आरोपियों की तलाश शुरू की।
कोतवाल धर्मवीर सोलंकी ने बताया कि सर्विलांस पर चोरी किए गए मोबाइल की लोकेशन रुद्रपुर और हल्द्वानी में मिली। रविवार देर रात पुलिस को खबर मिली कि दो युवक हल्द्वानी से नैनीताल की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने दोनों युवकों ग्राम नायल थाना दन्या अल्मोड़ा निवासी पंकज जोशी और सैलाकोट दाड़म अल्मोड़ा निवासी गौतम सिंह को पकड़ लिया।
पूछताछ के दौरान दोनों ने अपना जुर्म भी कबूल लिया जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। कोतवाल ने बताया कि आरोपियों के पास से नगदी और लूट का मोबाइल भी बरामद हुआ है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
दूसरे मामले में पापुलर कंपाउंड मल्लीताल निवासी नासिर ने कोतवाली में तहरीर देते हुए शिकायत की थी कि सात दिसंबर की रात को उसकी कार से एक एंपलीफायर, स्पीकर, पेन ड्राइव, स्टेपनी का टायर चोरी कर लिया गया था। कोतवाल सोलंकी ने बताया कि इस मामले में बिंदुखत्ता पुराना खत्ता लालकुआं निवासी महेंद्र सिंह साह को चोरी के माल समेत गिरफ्तार किया है।
आरोपी को कोर्ट से जमानत दे दी गई। दोनों मामलों के खुलासे में एसएसआई प्रेम विश्वकर्मा, एसआई हरीश सिंह, उमेश रजवार और कांस्टेबल एहसान अली, तारा चंद्र कांबोज, संजीव कुमार, संजय कुमार और सर्विलांस सेल से किशन शर्मा ने विशेष सहयोग किया।