हल्द्वानी। नैनीताल जिले में शनिवार को भी कोरोना का एक रोगी रिपोर्ट हुआ है। 20 साल का यह युवक रामगढ़ ब्लॉक के मनरसा क्षेत्र का रहने वाला बताया जा रहा है। नैनीताल जिले में 12 मई से कोरोना मरीजों के मिलने का सिलसिला तुलनात्मक तौर पर बढ़ा है। 12 से 16 मई के बीच पांच दिनों में पांच कोरोना के मरीज मिल चुके हैं।
स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार रामगढ़ ब्लॉक का युवक सुशीला तिवारी अस्पताल में भर्ती है। उसका सैंपल 15 मई को जांच के भेजा गया था, जिसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। एसीएमओ डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि यह युवक दो अन्य साथियों के साथ ही 14 मई को दिल्ली से गाड़ी बुक कर आया था। तीनों की सीएचसी में स्क्रीनिंग की गई थी। एक युवक रानीखेत को चला गया था जबकि दो युवकों को जूनियर हाईस्कूल मनरसा में क्वारंटीन किया गया था।
एक युवक को बुखार के लक्षण मिलने के बाद सीएचसी गरमपानी में स्क्रीनिंग कराई गई फिर उसे सुशीला तिवारी अस्पताल रेफर कर दिया गया। सुशीला तिवारी अस्पताल से ही 15 मई को सैंपल जांच के लिए वायरोलॉजी लैब में भेजा गया, जहां रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। डॉ. पंत ने बताया कि दो अन्य युवकों का सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा।
नैनीताल जिले में अब तक 15 रोगी मिल चुके हैं। वही, सुशीला तिवारी अस्पताल में 19 कोरोना पॉजिटिव मरीजों का इलाज चल रहा है।