हल्द्वानी। कोरोना वायरस को लेकर जिले मेें अलर्ट जारी कर दिया गया है। सभी निजी एवं सरकारी अस्पतालों को पत्र लिखकर आइसोलेशन वार्ड बनाने को कहा गया है। बेस और सुशीला तिवारी अस्पताल में दस-दस बेड के आइसोलेशन वार्ड बनाए गए हैं। स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अमिता उप्रेती ने डॉक्टरों की छुट्टी पर अग्रिम आदेशों तक रोक लगा दी है। अपरिहार्य स्थिति में ही छुट्टी देने की बात उन्होंने कही।
बता दें कि चीन में कोरोना वायरस फैला हुआ है। वायरस को लेकर स्वास्थ्य विभाग भी सतर्क हो गया है। केंद्र सरकार से एडवाइजरी जारी की गई है। एडवाइजरी स्वास्थ्य महानिदेशक के स्तर से सभी सीएमओ को भेजी गई हैं। सीएमओ डॉ. भारती राणा ने बताया कि एडवाइजरी मिलने के बाद सभी निजी और सरकार को अस्पतालों को पत्र लिखा गया है कि अपने यहां आइसोलेशन वार्ड बना लें। साथ ही अस्पताल में एक चिकित्सक को नोडल अधिकारी नामित करें और उसका मोबाइल नंबर डिस्पले करें।
सांस लेने में दिक्कत के साथ ही बुखार और कफ के साथ अगर कोई मरीज आता है तो उसकी जांच करें। मरीज के कोरोना जैसे लक्षण प्रतीत होने पर गले से लार का सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे। बताया कि सैंपल जांच के लिए एनसीडीसी दिल्ली (नेशनल सेंटर ऑफ डिजीज कंट्रोल) जाएगा। वरिष्ठ सांस रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंघल ने बताया कि कोरोना से बचाव के लिए अधिक भीड़भाड़ वाले इलाकों में न जाएं और एन 95 मास्क पहनें।