Amar ujaala Health abhiyan in Haldwani
हल्द्वानी। कोरोना वैक्सीन लगने से बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक सुरक्षित रह सकें, उन्हें टीके का सुरक्षा कवच मिल सके, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग के कई कर्मचारी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। इसमें पूरे जिले के वैक्सीन सेंटर आदि जगहों पर वैक्सीन पहुंचाने की जिम्मेदारी एक चालक के पास है, वह लंबे समय से बिना छुट्टी के ड्यूटी कर रहे हैं, इसी तरह अन्य कर्मचारी भी मनायोग से जुटे हुए हैं।
जिले में सामान्य तौर पर 18 टीकाकरण केंद्र चलते हैं। इसके अलावा स्कूल आदि जगहों पर भी टीका लगाया जाता है। इन वैक्सीन को संबंधित जगहों पर पहुंचाने का काम एक एसी वैक्सीन वैन के माध्यम से ही होता है। इस वैन को चलाने की जिम्मेदरी चालक भैरव पांडे के पास है। वह सुबह सात बजे से वाहन लेकर जिले के ओखलकांडा, रामनगर, पीरूमदारा, कोटाबाग, कालाढूंगी आदि जगहों पर वैक्सीन पहुंचाने का काम करते हैं। जिले के विभिन्न स्थानों में वैक्सीन छोड़कर शाम करीब सात बजे तक पुन: हल्द्वानी पहुंचते हैं। भैरव पांडे बताते हैं कि सेंटरों पर वैक्सीन पहुंचाने के लिए रोडमैप आदि को खुद तैयार करते हैं। बताते हैं कि जब वैक्सीन अभियान शुरू हुआ तो मुश्किल से दो से तीन दिन ही अवकाश लिया है। रविवार को भी वह लगातार ड्यूटी कर रहे हैं। कई बार रात में एक बजे तक देहरादून से आने वाली वैक्सीन को लाने के लिए जाना होता है, पर इस कार्य से संतुष्टि मिलती है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार हर महीने करीब ढाई से तीन हजार किमी की दूरी तय कर वैक्सीन पहुंचाने का काम करते हैं।
सिटी अर्बन हेल्थ मैनेजर राघवेंद्र रावत भी कुछ इसी तरह मनोयोग से ड्यूटी पर जुटे हैं। वह कहते हैं कि केवल वैक्सीन अभियान की बात नहीं है, जब से कोरोना के मरीज रिपोर्ट हुए हैं, उस समय से 12 से 14 घंटे का कार्य हो रहा है। सबसे पहले सुबह सेंटरों पर वैक्सीन पहुंचाना, लोगों की ड्यूटी लगाना और रिपोर्टिंग का काम। फिर रात में अगले दिन के लिए माइक्रो प्लान बनाना होता है। पर इस काम को करने में खुुशी भी है। शोध अधिकारी नवीन पांडे भी लगातार ड्यूटी में डटे हुए हैं। उनका काम सभी जगहों से सूचनाओं को एकत्र कर तत्काल पहुंचाना होता है। कहीं पर कोई कमी है, उसको दूर कराने के लिए प्रयास भी करना होता है। जिला प्रतिरक्षण अधिकारी डॉ. अजय शर्मा कहते हैं कि अगर कोरोना वैक्सीनेशन की बात करें तो कई कर्मचारियों ने बेहतर काम किया है। इसमें चालक भैरव पांडे समेत अन्य कर्मचारी शामिल हैं। इन कर्मियों की मेहनत और लगन से ही अभियान और बेहतर ढंग से चल सका है।
स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी सराहनीय कार्य कर रहे हैं। कर्मचारियों की मेहनत, लगन, समर्पण से टीकाकरण अभियान को बेहतर ढंग से चलाने में मदद मिल रही है।
डॉ. भागीरथी जोशी, सीएमओ नैनीताल