गरमपानी (नैनीताल)। भवाली-अल्मोड़ा हाईवे स्थित थुवा की पहाड़ी से सोमवार सुबह 5:30 बजे अचानक पत्थर और बोल्डर आ गए, जिससे हाईवे बंद हो गया। गनीमत ये रही कि उस वक्त कोई वाहन वहां से गुजर नहीं रहा था।
हाईवे बंद होने की सूचना पर खैरना चौकी से सिपाही प्रयाग जोशी राजेंद्र सती मौके पर पहुंचकर मार्ग खुलवाने के लिए जेसीबी मंगाई लेकिन तब तक हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
इसमें अल्मोड़ा, पिथौरागढ़, बागेश्वर और हल्द्वानी की ओर आने जाने वाले वाहन फंस गए। वहीं अल्मोड़ा बेस अस्पताल से मरीज को हल्द्वानी लेकर जा रही एंबुलेंस भी सुबह करीब 6 बजे से 7:30 बजे तक जाम में फंसी रही। बाद में दोनों ओर से दो जेसीबी की मदद से मलबे के ढेर को हटाया गया, जिसके बाद वाहनों की आवाजाही सुचारु हुई। मार्ग खुलने पर वाहन चालकों और यात्रियों ने राहत की सांस ली और वह गंतव्य के लिए रवाना हुए। वहीं पुलिस जाम में फंसे वाहनों को बारी-बारी से छोड़कर व्यवस्था बनाने में जुटी रही।