रामनगर। राजकीय बालिका इंटर कॉलेज खताड़ी की कक्षा छह में प्रवेश ले चुकीं 13 छात्राओं को प्रधानाचार्य ने स्कूल से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। छात्राओं की उम्र 11 वर्ष से कम होने का हवाला देकर शुक्रवार को उन्हें स्कूल से निकाल दिया गया। इस पर भड़के अभिभावकों ने आरोप लगाया कि बच्चे बीते एक माह से विद्यालय में पढ़ रहे थे। उन्होंने स्कूल ड्रेस, कॉपी- किताबें आदि सामग्री भी खरीद ली। बच्चों को अचानक स्कूल से निकालने पर उनके भविष्य पर संकट छा गया है। दूसरी ओर खंड शिक्षा अधिकारी का कहना है कि कक्षा छह में प्रवेश के लिए 11 साल की उम्र होने का कोई शासनादेश नहीं है।
जीजीआईसी को वर्ष 2021 में अटल उत्कृष्ट बनाया गया था। इसके बाद से विद्यालय में सीबीएसई के माध्यम से शिक्षण कराया जा रहा है। शुक्रवार को कक्षा छह में प्रवेश ले चुकीं 13 छात्राओं को आयु सीमा कम होने पर अचानक विद्यालय से बाहर कर दिया गया। इससे अभिभावकों का गुस्सा फूट गया। उन्होंने प्रधानाचार्य पर छात्राओं का प्रवेश निरस्त करने का आरोप लगाया। कहा कि बच्चे विगत एक माह से विद्यालय में पढ़ रहे थे। अचानक स्कूल से बाहर करने से बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्होंने खंड शिक्षा अधिकारी से बच्चों को प्रवेश दिलाने की मांग की है।
परिचर्चा
मैंने दो अप्रैल को अपनी बेटी का प्रवेश कक्षा छह में कराया था। सात मई को मेरी बेटी 11 वर्ष की हो जाएगी, लेकिन बृहस्पतिवार को विद्यालय की प्रधानाचार्य ने बच्चों को स्कूल से बाहर कर दिया। इससे बच्चों के भविष्य का संकट छा गया है।
जीनत खान, अभिभावक
-
20 अप्रैल को मैंने भी अपनी बेटी का प्रवेश कक्षा छह में कराया था। आठ मई को मेरी बेटी 11 वर्ष की हो जाएगी। इस दौरान स्कूल ड्रेस व कॉपी किताबें भी खरीद ली थीं। लेकिन अब बेटी को स्कूल से बाहर कर दिया गया।
प्रीति पाठक, अभिभावक
छात्राओं को विद्यालय से बाहर करना उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है। इस मामले को लेकर शिक्षा मंत्री को अवगत कराया गया है। छात्राओं का विद्यालय में प्रवेश कराया जाएगा।
- मदन जोशी, भाजपा पूर्व मंडल अध्यक्ष, रामनगर।
कोट-
2021 से अटल उत्कृष्ट बनने के बाद से विद्यालय में सीबीएसई के माध्यम से शिक्षण कार्य कराया जा रहा है। सीबीएसई के नियमों के अनुसार, 11 साल पूरा कर चुकीं छात्राओं को ही कक्षा छह में प्रवेश देने का नियम है। इसी आधार पर 13 छात्राओं को बाहर किया गया है।
- केडी माथुर, प्रधानाचार्य, जीजीआईसी रामनगर।
छात्राओं को प्रवेश देने के बाद विद्यालय से बाहर करने का मामला गंभीर है। कक्षा नर्सरी में तीन व कक्षा एक में प्रवेश के लिए छह साल की उम्र होना अनिवार्य है, लेकिन कक्षा छह में प्रवेश के लिए 11 साल की उम्र होने का कोई शासनादेश नहीं है। विद्यालय की प्रधानाचार्य से मामले को लेकर वार्ता की जाएगी। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
हवलदार प्रसाद, खंड शिक्षा अधिकारी, रामनगर।