रामनगर। प्रदेश के 151 इको टूरिज्म को एक ही वेबसाइट से जोड़ने की तैयारी है। मानसून सीजन खत्म होने के बाद इको टूरिज्म से संबंधित विभागों को पत्र भेजे जाएंगे। वन प्रभागों की सहमति के बाद सभी पर्यटन जोन की बुकिंग एक ही वेबसाइट से हो सकेगी।
प्रदेश में पर्यटन जोन, गेस्ट हाउस, ट्रैक म्यूजियम समेत 151 इको टूरिज्म हैं। इसके लिए अलग-अलग वन प्रभागों की ओर से वेबसाइट बनाई गई हैं। मौजूदा समय में यूपी, दिल्ली समेत अन्य राज्यों से आने वाले पर्यटकों को अलग-अलग वेबसाइट से बुकिंग करानी पड़ती है। इसमें उन्हें कठिनाई का सामना करना पड़ता है। इसे देखते हुए उत्तराखंड इको कॉरपोरेशन ने सभी इको टूरिज्म को एक ही वेबसाइट से जोड़ने की योजना बनाई थी। इको कॉरपोरेशन के एमडी पीके पात्रो ने बताया कि वेबसाइट बनकर तैयार हो गई है। मानसून सीजन खत्म होते ही सभी वन प्रभागों से उनके इको टूरिज्म को इस वेबसाइट में जोड़ने के लिए पत्र भेजा जाएगा। सहमति के बाद इको टूरिज्म को एक वेबसाइट से जोड़ा जाएगा।