हल्द्वानी। पत्नी से विवाद होने पर एक व्यक्ति ने पहले खुद जहर खा लिया और फिर गोद लिए गए 11 साल के बेटे को भी जहर खिला दिया। घटना के चार दिन बाद बेटे की मौत हो गई। कोतवाली पुलिस ने पति को हिरासत में ले लिया लेकिन पत्नी और मां के कहने पर बाद में उसे छोड़ दिया। कोतवाल का कहना है कि मामले मेें शिकायतकर्ता नहीं मिला, इसी कारण पिता को छोड़ा गया है।
मुरादाबाद जिले के कठघर थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति करीब 13 साल से मेडिकल चौकी थाना क्षेत्र के एक इलाके में रहता है। पुलिस के अनुसार चार दिन पहले फोन पर उसका पत्नी से विवाद हो गया। पत्नी दिल्ली में रहती है। पुलिस के अनुसार व्यक्ति का कहना है कि गुस्से में पत्नी ने कह दिया कि तुम जहर खा लो और बेटे को अनाथालय भेज दो। पत्नी की बात उसके दिल पर गई और उसने बृहस्पतिवार को जहर खाया और बेटे के खाने में भी जहर मिला दिया। दोनों के बेहोश होने पर पड़ोस के लोगों ने दोनों को बेस अस्पताल में भर्ती कराया।
शनिवार को पिता और बेटे अस्पताल से डिस्चार्ज हो गए। घर ले जाने पर बेटे की हालत फिर खराब हो गई और उसकी मौत हो गई। मेडिकल चौकी के उपनिरीक्षक महेश चंद्र ने बच्चे के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने उसके पिता को पूछताछ के लिए हिरासत में ले लिया। शाम को पत्नी और मां कोतवाल संजय कुमार के पास आए। कोतवाल का कहना था कि दोनों ने पुलिस को शिकायत नहीं दी। इसी कारण पिता को छोड़ना पड़ा। यदि शिकायत लिखित मिली तो पिता के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी ।
जब तीन दिन का था तब गोद लिया था
व्यक्ति ने बताया कि 11 साल पहले बेटा जब तीन दिन का था, उस समय एसटीएच में जाकर उसे गोद लिया था। बेटे के जहर खिलाने का उसे गम तो है लेकिन पत्नी से विवाद होने पर वह आपा खो बैठा था। सोचा कि जब वह मर जाएगा तो लोग बेटे को अनाथाश्रम में डाल देंगे। इसी कारण उसने इहलीला समाप्त करने का निर्णय लिया था। बेटे की चोट के बारे में पूछने पर पिता का कहना था कि सीढ़ी से गिरने पर उसे पेट में चोट लग गई थी।
बेटा सब काम करता था
लोगों का कहना था कि पिता बेटे को कमरे में बंद कर बाहर निकलता था। मोहल्ले के लोगों ने एक दिन विरोध किया तो उसने बेटे को कमरे से बाहर छोड़ा था। बेटा पिता के साथ खाना बनाने, बर्तन मांजने और कपड़ा धोने में भी सहयोग करता था। फिर भी जहर खिलाते समय पिता के हाथ नहीं कांपे। पुलिस का कहना था कि जिस समय व्यक्ति को पकड़ा गया उसने शराब पी रखी थी।
पत्नी डेढ़ साल से दिल्ली रहती है
व्यक्ति के अनुसार उसकी पत्नी डेढ़ साल पहले उसे छोड़कर दिल्ली में रहने लगी। दीपावली पर वह अपने जेवरात और कपड़े लेने के लिए आई थी। उसने साथ रहने से इनकार कर दिया। इसी कारण वह शराब भी पीने लगा था। जहर खाने से पहले उसकी पत्नी से बात हुई थी। पत्नी के नहीं आने और उसके कठोर शब्दों के बोलने से गुस्सा चढ़ गया था। बेटे की मौत के बाद उसने पत्नी को सूचना दे दी थी।
जेल में रहेंगे जान देंगे
पुलिस द्वारा पकड़े जाने पर व्यक्ति को कोई गम नहीं था। उसका कहना था कि मेरी जिंदगी पत्नी ने खराब कर दी है। अब जेल की रोटी खाएंगे। इसी तरह मर जाएंगे। अब जीवन में कुछ नहीं बचा है।